पीलीभीत: फंदे पर लटकने से हुई थी मजदूर की मौत
पीलीभीत, अमृत विचार। भाई से हुई मारपीट के कुछ घंटे बाद फंदे पर लटके मिले ग्रामीण की पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर परिजन की ओर से जताई जा रही हत्या की आशंका गलत साबित हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फंदे पर लटकने से मौत की पुष्टि होने पर पुलिस इसे खुदकुशी मान रही है। उधर, परिजन अभी …
पीलीभीत, अमृत विचार। भाई से हुई मारपीट के कुछ घंटे बाद फंदे पर लटके मिले ग्रामीण की पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर परिजन की ओर से जताई जा रही हत्या की आशंका गलत साबित हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फंदे पर लटकने से मौत की पुष्टि होने पर पुलिस इसे खुदकुशी मान रही है। उधर, परिजन अभी भी हत्या की तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग कर रहे हैं।
न्यूरिया थाना क्षेत्र के गांव औरिया के रहने वाले 45 वर्षीय मजदूर लालता प्रसाद का शव बुधवार सुबह गांव के बाहर यूकेलिप्टिस के पेड़ पर फंदे से लटका मिला था। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मृतक के परिजन का आरोप था कि पुराने विवाद में मंगलवार रात सगे भाई के परिवार ने हमला बोल मारपीट की थी।
इसी दौरान हत्या कर शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की गई थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया था। मगर, अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर हत्या की बात पुष्ट नहीं हो सकी है। सीओ सदर लल्लन सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम में फंदे पर लटकने से मौत की पुष्टि हुई है। ऐसे में मामला खुदकुशी का प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच चल रही है।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: बीसलपुर चेयरमैन को मिली राहत, जमानत मंजूर
