संभल: बिजली चेकिंग टीम को ग्रामीणों ने दौड़ाया, लाइनमैन को पीटा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल, अमृत विचार। रजपुरा थाना क्षेत्र में बिजली चेकिंग के लिए पहुंची टीम को ग्रामीणों ने दौड़ा लिया। ग्रामीणों ने टीम का पीछा कर लाइनमैन को पकड़ लिया और बुरी तरह पीटा। किसी तरह भागकर टीम के सदस्यों ने अपने को बचाया। विभाग की ओर से पुलिस को मारपीट की तहरीर दी गई है। पुलिस …

संभल, अमृत विचार। रजपुरा थाना क्षेत्र में बिजली चेकिंग के लिए पहुंची टीम को ग्रामीणों ने दौड़ा लिया। ग्रामीणों ने टीम का पीछा कर लाइनमैन को पकड़ लिया और बुरी तरह पीटा। किसी तरह भागकर टीम के सदस्यों ने अपने को बचाया। विभाग की ओर से पुलिस को मारपीट की तहरीर दी गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 10 लोग अज्ञात हैं।

गुरुवार को विजिलेंस एसडीओ अजय कुमार चौरसिया रजपुरा इलाके के गांव भीकमपुर जैनी में अभियान के तहत बिजली चोरी की चेकिंग के लिए पहुंचे। उनके साथ एसडीओ प्रदीप कुमार, जेई दीपक कुमार, एसआई सुरेश कुमार और लाइनमैन यादराम भी साथ थे। टीम के पहुंचते ही गांव में हड़कंप मच गया। घरों में चोरी से बिजली जला रहे लोगों ने कटिया तार खींचने शुरू कर दिए। इनको टीम ने चिह्नित कर लिया।

इसके बाद टीम बीच गांव में पहुंच गई। यहां पहले से मौजूद लोगों ने बिजली टीम का विरोध शुरू कर दिया। इन्हीं में से कुछ लोगों ने टीम को घेर लिया। अपने को घेरता देख टीम के अधिकारी और कर्मचारी मौके से भागने लगे। ग्रामीणों ने टीम का पीछा करना शुरू कर दिया। इस दौरान टीम में शामिल लाइनमैन यादराम को पकड़ लिया और बुरी तरह से पीटना शुरू कर दिया। किसी तरह लाइनमैन ने ग्रामीणों के चंगुल से बचकर अपने आप को बचाया। टीम में शामिल अन्य अधिकारी भी किसी तरह यहां से बचकर भाग निकले।

इसके बाद टीम लाइनमैन को लेकर रजपुरा थाने पहुंची। यहां लाइनमैन ने गांव के प्रताप सिंह, अवधेश और रहीश के अलावा 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और मारपीट करने की तहरीर दी। पुलिस ने लाइनमैन का मेडिकल कराया है। वहीं लाइनमैन की तहरीर के आधार पर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

भीकमपुर जैनी गांव में टीम चेकिंग के लिए गई थी। टीम में स्थानीय लाइनमैन यादराम भी साथ था। वह टीम से कुछ आगे निकल गया इसी दौरान कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट कर दी। जब हम मौके पर पहुंचे तो वह लोग मौके से फरार हो गए। घटना के संबंध में पुलिस को कार्रवाई के लिए तहरीर दी गई है। -अजय कुमार चौरसिया, विजिलेंस एसडीओ

बिजली चेकिंग के दौरान लाइनमैन के साथ भीकमपुर जैनी गांव में मारपीट की गई है। लाइनमैन की ओर से तहरीर मिली है। तहरीर के आधार पर 10 अज्ञात और तीन नामजद लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। -कुलदीप सिंह, प्रभारी निरीक्षक रजपुरा

संबंधित समाचार