अयोध्या: शहर में लागू होगा वन-वे ट्रैफिक, बनेगी ई-रिक्शा पार्किंग
अयोध्या। शहर की यातायात व्यवस्था को पूरी तरह से पटरी पर लाने और मॉडर्न सिटी का लुक देने की कवायद शुरू हो गई है। इसे लेकर पुलिस लाइन में हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए। सबसे बड़ा फैसला अधिक ट्रैफिक वाले क्षेत्रों में वन-वे व्यवस्था लागू करने की योजना का है। …
अयोध्या। शहर की यातायात व्यवस्था को पूरी तरह से पटरी पर लाने और मॉडर्न सिटी का लुक देने की कवायद शुरू हो गई है। इसे लेकर पुलिस लाइन में हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए। सबसे बड़ा फैसला अधिक ट्रैफिक वाले क्षेत्रों में वन-वे व्यवस्था लागू करने की योजना का है।
ट्रायल के तौर सोमवार से चौक-रिकाबगंज मार्ग को एक सप्ताह के लिए वन-वे किया जाएगा। इसके अलावा ई-रिक्शा पार्किंग और वेडिंग जोन को लेकर भी मंथन किया गया।
जिला प्रशासन नगर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा था, जिसे लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मंथन चल रहा था। इसी के मद्देनजर जिला प्रशासन की ओर से पुलिस लाइन में वरिष्ठ अधिकारियों और व्यापारियों के गुरुवार देर रात तक बैठक चली। बैठक में योजना के बारे में चर्चा के साथ सुझावों को भी आमंत्रित किया गया है।
मंडलायुक्त नवदीप रिणवा ने बताया कि नगर की यातायात व्यवस्था में परिवर्तन किया जाएगा। इसके लिए कई बिंदुओं को तय किया गया है और अमल में लाने के लिए शुरूआत की जा रही है। उन्होंने बताया कि अभी इसे पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया जा रहा है।
इस संबंध में लगातार आ रहे सुझावों को शामिल कर भविष्य में एक बेहतर यातायात व्यवस्था को लागू कराया जाना है। उन्होंने बताया कि आम नागरिकों और व्यापारियों के सुझाव को भी शामिल किया जायेगा। आईजी जोन कविन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि शीघ्र ही अधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में वन-वे लागू करने का विचार है। इसे लेकर एक सप्ताह के लिए चौक रिकाबगंज को सोमवार से वन-वे किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यातायात व्यवस्था के तहत पार्किंग, अतिक्रमण, वेडिंग जोन आदि विषयों के लिए जिला प्रशासन के साथ नगर निगम, यातायात पुलिस और विकास प्राधिकरण मिल कर कार्य करेंगे। तीनों विभागों की यह संयुक्त जिम्मेदारी होगी कि अच्छी यातायात व्यवस्था लागू हो सके, ताकि यहां के रहने वालों और बाहर से आने वालों को अयोध्या एक स्मार्ट सिटी के रूप में दिखाई दे।
व्यापार मंडल अध्यक्ष सुशील जायसवाल ने प्रशासन की पहल का स्वागत किया है। उन्होंने बताया कि नई यातायात व्यवस्था से लाभ होगा। उन्होंने कहा कि व्यापारी समाज सहयोग देने के लिए तत्पर है।
इस बैठक में जिलाधिकारी नितीश कुमार व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, शैलेश कुमार पाण्डेय, विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष विशाल सिंह समेत सभी अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
जानें प्रशासन ने किस तरह से बनाई है प्रारंभिक व्यवस्था
- शहर क्षेत्र में जहां ट्रैफिक अधिक रहता है वहां पायलट प्रोजेक्ट पर वन वे व्यवस्था लागू की जायेगी। ट्रायल चौक – रिकाबगंज रोड से
- ई-रिक्शा के लिये पार्किग व्यवस्था व रुट निर्धारण किया जायेगा।
- ओवरलोडिंग वाहनों को शहर क्षेत्र में नो एन्ट्री के समय में प्रवेश नहीं दिया जायेगा।
- हाईवे/सड़क किनारे वाहनों को खड़ा नहीं किया जायेगा उन्हें पार्किग में ही पार्क किया जायेगा
- सीसीटीवी कैमरे सभी दुकानदारों द्वारा हाई रेजूलेशन व सही एंगल पर लगाएं, जिससें सड़क पर चलने वाले वाहन व दुकान पर आने वाले सभी को सही से मॉनीटर किया जा सके।
- वेंडिग जोन बनाया जाए व रोड पर दुकानें कदापि न लगाई जाएंं।
- प्राइवेट पार्किग पर भी विचार विमर्श किया गया
- जहां सुरक्षा गार्ड तैनात हैं उनका वेरिफिकेशन हो और उनकी सूची स्थानीय पुलिस द्वारा वेरिफाई की जायेगी।
जिला प्रशासन की ओर से कुछ बिंदु निर्धारित किए गए हैं। सभी बिन्दुओं पर गहनता से विचार विमर्श कर सहमति जतायी गई है। जल्द ही व्यवस्था शहर भर लागू की जायेगी, ताकि शहर को यातायात की समस्याओं से मुक्ति मिल सके। –नितिश कुमार, डीएम, अयोध्या
पढ़ें- रायबरेली: डंपर की टक्कर से शराब लदा टेंपो सड़क पर पलटा, लगी आग
