बरेली: मेयर ने नालों की सफाई में हो रही धांधली पकड़ी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। शहर में निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे नालों की सफाई का सच नगर प्रमुख डा. उमेश गौतम ने देखा। पीलीभीत रोड पर सतीपुर नाले पर एक जगह मेयर ने नाले की सफाई जांचने को डंडा डाला तो उसमें सिल्ट निकली। मेयर ने ठेकेदार से कहा कि तलीझाड़ सफाई जांचने में ही …

अमृत विचार, बरेली। शहर में निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे नालों की सफाई का सच नगर प्रमुख डा. उमेश गौतम ने देखा। पीलीभीत रोड पर सतीपुर नाले पर एक जगह मेयर ने नाले की सफाई जांचने को डंडा डाला तो उसमें सिल्ट निकली। मेयर ने ठेकेदार से कहा कि तलीझाड़ सफाई जांचने में ही सिल्ट निकल रही है तो ठेकेदार ने भी उल्टा जवाब दिया कि इतनी सिल्ट तो निकलेगी ही।

मेयर ने नाराजगी जताते हुए कहा कि तलीझाड़ का मतलब तली दिखाई देनी चाहिए। उनकी बात का वहां मौजूद जेई ने भी समर्थन किया। मेयर ने कहा कि एक सप्ताह में नाले की व्यविस्थत सफाई नहीं हुई तो ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। ठेकेदारों के जरिए ऐसी सफाई कराई जा रही है जो मानकों के विपरीत है। ऐसा नहीं चलेगा।

बरसात से पहले शहर के नालों की सफाई का सच जानने के लिए शुक्रवार को मेयर डा. उमेश गौतम निकले । उनके साथ नगर निगम के निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता, अधिशासी अभियंता संजीव प्रधान, जीएम जलकल आरके यादव सहित एई व जेई की टीम भी थी। सबसे पहले उन्होंने संजय नगर संपवेल का निरीक्षण किया। यहां 40-40 वाट की दो मोटर हैं। एक मोटर अतिरिक्त है, ताकि दो में से एक खराब हो जाए तो जलभराव से मुक्ति के लिए अतिरिक्त वाली मोटर लगाकर कार्य को अंजाम दिया जा सके।

यहां अतिरिक्त मोटर खराब मिली। मेयर ने अफसरों से पूछा कि जब जलभराव होगा और क्या तब उसे ठीक कराने भेजा जाएगा। जनता हंगामा करेगी तब कहा जाएगा कि मोटर खराब हो गई है। माधोबाड़ी, जाटवपुरा नाला में भी मेयर को सफाई ठीक नहीं मिली। उन्होंने बताया कि नालों की सफाई व्यवस्था का सच मैंने देखा है। इससे संतुष्ट नहीं हूं।

सतीपुर नाले की सफाई मानक के विपरीत हो रही है। यहां व्यवस्था देख रहे जेई को भी मौके पर जमा सिल्ट दिखी है। इस नाले की सफाई पूर्ण होना बताई गई थी। जब निरीक्षण किया तो सफाई कार्य में हो रही लापरवाही सामने आई है। मेयर ने बताया कि ठेकेदार को एक सप्ताह का समय दिया गया है। मानक के अनुसार सफाई नहीं होने पर एक लाख का जुर्माना लगाने और फर्म को ब्लैक लिस्ट किया जाएगा।

ये भी पढ़ें- बरेली: स्वास्थ्य विभाग को मिलीं जीपीएस लगी छह नई एंबुलेंस

संबंधित समाचार