बिजनौर: खेत में गुलदार देख दो भाइयों के उड़े होश, लोगों में दहशत
बिजनौर, अमृत विचार। क्षेत्र के गांव सादकपुर में गन्ने के खेत में दवाई का छिड़काव कर रहे दो सगे भाइयों के सामने अचानक गुलदार आ गया। गुलदार को देख दोनों के होश उड़ गए। उन्होंने गांव की ओर दौड़ लगा दी। हालांकि गुलदार गन्ने के खेत से निकल कर भाग गया। गुलदार को लेकर ग्रामीणों …
बिजनौर, अमृत विचार। क्षेत्र के गांव सादकपुर में गन्ने के खेत में दवाई का छिड़काव कर रहे दो सगे भाइयों के सामने अचानक गुलदार आ गया। गुलदार को देख दोनों के होश उड़ गए। उन्होंने गांव की ओर दौड़ लगा दी। हालांकि गुलदार गन्ने के खेत से निकल कर भाग गया। गुलदार को लेकर ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। लोगों की सूचना के बाद वन विभाग की टीम ने जंगल में गुलदार की तलाश में कांबिंग की, उसका और पता नहीं चल सका।
थाना क्षेत्र के गांव सादकपुर निवासी किसान जितेंद्र चौहान व सतेंद्र चौहान का खेत गांव में स्थित इंटर कॉलेज के पास है। रविवार दोपहर दोनों अपने गन्ने के खेत में स्प्रे मशीन से दवाई का छिड़काव कर रहे थे। इसी दौरान गन्ने के खेत में छिपा बैठा एक गुलदार अचानक उनके सामने आ गया, जिससे दोनों भाई शोर मचाते हुए वहां से भाग खड़े हुए। दोनों भाइयों ने बताया कि उनके शोर मचाने पर गुलदार उनके गन्ने के खेत से निकल कर भाग गया। बाद में मौके पर तमाम ग्रामीण इकट्ठा हो गए। गन्ने के खेत में गुलदार देखे जाने के बाद से खेत स्वामियों एवं ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है।
वहीं एक सप्ताह पूर्व गांव सादकपुर से सटे गांव इमरतपुर में भी गन्ने के खेत में यूरिया खाद डाल रहे किसान सुदेश सिंह चौहान पर गुलदार ने हमला कर दिया था, हमले से सुदेश सिंह चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। ग्रामीणों का कहना है कि सादकपुर के जंगल में गुलदार लगातार दिख रहा है। ग्रामीणों ने मादा गुलदार होने की आशंका व्यक्त की है। गांव सादकपुर एवं इमरतपुर के ग्रामीणों ने वन क्षेत्राधिकारी नगीना से दोनों गांव में पिंजड़ा लगाए जाने की मांग की है। वन क्षेत्राधिकारी नगीना रेंज वीरेंद्र सिंह बोहरा ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा दी गई सूचना पर वन दरोगा शेख निजामुद्दीन एवं बीट प्रभारी मोहम्मद अब्बास को जांच के लिए मौके पर भेज दिया गया है।
गुलदार पकड़ने के लिए जंगल में लगाया पिजड़ा
हीमपुर दीपा। क्षेत्र के गांव टूंगरी की आबादी में गुलदार घुसने और हमला करने के प्रयास के बाद वन विभाग ने उसको पकड़ने के लिए जंगल में पिंजड़ा लगा दिया है।
शुक्रवार रात किसान नवनीत को उनके घर और पशुशाला की दीवार पर गुलदार दिखा था। उन्होंने साहस दिखाकर गुलदार को पटाखे छोड़कर खदेड़ दिया था, लेकिन इसके बावजूद भी गुलदार गांव टूंगरी के जंगल में मौजूद है, जो जंगल जाते वक्त किसानों को दिख रहा है। लगातार गुलदार के जंगल में देखे जाने लोग दहशत में हैं।
इस संबंध में नवनीत, राजपाल सिंह, योगेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह, दयाराम, सुरेश, विपिन, मोंटी, कुलवीर सिंह, रणवीर सिंह, पूर्व प्रधान वरण, पूर्व प्रधान चरण सिंह, अवधेश, सोमपाल सिंह आदि ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से गुलदार को पकड़वाने के लिए जंगल में पिंजड़ा लगाने की मांग की थी। वन विभाग चांदपुर की टीम ने रविवार को सरकारी नलकूप के निकट जंगल में पिंजड़ा लगा दिया है।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: गर्भवतियों के लिए वरदान बन रहा पीएम सुरक्षित मातृत्व अभियान
