रामपुर: आजम खां समेत जिले में 27 भू-माफिया घोषित
रामपुर, अमृत विचार। जिले में शहर विधायक मोहम्मद आजम खां, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मशकूर अहमद मुन्ना और सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष उज्जवल दीदार सिंह उर्फ साबी समेत 27 माफिया हैं। फिलहाल, एसडीएम सदर मनीष मीना द्वारा पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मशकूर अहमद को सरकारी जमीनों को कब्जाने के मामले में भू माफिया घोषित किया …
रामपुर, अमृत विचार। जिले में शहर विधायक मोहम्मद आजम खां, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मशकूर अहमद मुन्ना और सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष उज्जवल दीदार सिंह उर्फ साबी समेत 27 माफिया हैं। फिलहाल, एसडीएम सदर मनीष मीना द्वारा पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मशकूर अहमद को सरकारी जमीनों को कब्जाने के मामले में भू माफिया घोषित किया है।
प्रदेश सरकार सरकारी जमीनों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त है। ऐसे लोगों को भू माफिया घोषित करते हुए उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने समाजवादी पार्टी के नेता एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मशकूर अहमद मुन्ना को भी भू माफिया घोषित कर दिया है। मशकूर अहमद मुन्ना पर सरकारी जमीनों पर कब्जा करने का आरोप लगा है।
पिछले दिनों प्रशासन ने सपा नेता के मूल गांव ककरौवा में सरकारी जमीन को कब्जे से मुक्त कराया था। आरोप है कि उन्होंने कई और जमीनों पर भी कब्जा किया था उन्हें भी कब्जा मुक्त कराया गया था। एसडीएम सदर मनीष मीणा ने बताया कि मशकूर अहमद मुन्ना के खिलाफ जमीनों को कब्जा मुक्त कराने की कार्रवाई पूरी होने के बाद भू माफिया घोषित कर दिया गया है। उनका नाम एंटी भूमाफिया पोर्टल पर दर्ज करा दिया गया है।
इससे पहले पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खां,सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष उज्जवल दीदार सिंह सिंह उर्फ साबी को एंटी भू माफिया पोर्टल पर सूचीबद्ध कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2017 में सत्ता संभालने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भू-माफिया की पहचान करने और जमीन कब्जाने से संबंधित लोगों की शिकायत दर्ज कराने के लिए इस पोर्टल की शुरुआत की थी।


ये भी पढ़ें:- बिजनौर: आरक्षित टिकट की अवैध बिक्री के आरोप में एक गिरफ्तार
