मुरादाबाद: चोरों ने प्रिंसिपल के घर को बनाया निशाना, नगदी समेत सवा लाख का सामान समेटा
मुरादाबाद, अमृत विचार। महानगर में सक्रिय चोर अब रात में ही नहीं, बल्कि दिन के उजाले में पुलिस को सीधी चुनौती दे रहे हैं। कटघर थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल के प्रिंसिपल के घर का दिनदहाड़े ताला तोड़कर चोर नकदी समेत करीब सवा लाख रुपये का सामान समेट ले गए। पीड़ित की तहरीर पर …
मुरादाबाद, अमृत विचार। महानगर में सक्रिय चोर अब रात में ही नहीं, बल्कि दिन के उजाले में पुलिस को सीधी चुनौती दे रहे हैं। कटघर थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल के प्रिंसिपल के घर का दिनदहाड़े ताला तोड़कर चोर नकदी समेत करीब सवा लाख रुपये का सामान समेट ले गए। पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ अभियोग पंजीकृत करते हुए पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है।
कटघर थाना क्षेत्र में रामपुर रोड स्थित एडम एडीज कान्वेंट स्कूल के प्रिंसिपल फरहत अली खान के मुताबिक वह काशीपुर दोराहे पर वाटिका एंक्लेव के फ्लैट नंबर जी12 जी3 अपार्टमेंट में परिवार के साथ रहते हैं। मूल रूप से सहारनपुर के ग्राम खेड़ा अफगान निवासी फरहत अली 30 मई को सुबह छह बजे मुरादाबाद से अपने पैतृक निवास स्थान चले गए। प्रिंसिपल के मुताबिक उनके घर में शादी समारोह का आयोजन था।
ऐसे में उनका पूरा परिवार गांव में था। 30 मई की ही रात करीब दस बजे पड़ोसी जावेद शाह खां ने उनके मोबाइल फोन पर काल किया। बताया कि आपके फ्लैट का ताला टूटा पड़ा है। घर के दरवाजे खुले हुए हैं। तब प्रिंसिपल ने पड़ोसी से घर की टोह लेने की अपील की। छानबीन में पता चला कि अलमारी में रखे सामान बिखरे पड़े हैं। चोरी की आशंका पुख्ता होते प्रिंसिपल मुरादाबाद रवाना हो गए। अपार्टमेंट में पहुंचते ही चोरी की सूचना उन्होंने पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
छानबीन में पता चला कि चोर राहत अली के यहां से 50 हजार रुपये नगदी के अलावा सोने का एक पेंडल, एक जोड़ी आर्टिफिशियल कंगन, एक ब्रीफकेस, उसमें रखीं डिग्री, पासपोर्ट व बैंक संबंधित कीमती कागजात ले गए। पीड़ित की तहरीर पर कटघर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि घटनास्थल के इर्द-गिर्द लगे सीसीटीवी कैमरे की वीडियो फुटेज जांच के लिए एकत्र की जा रही है। पड़ोसियों से भी पूछताछ हो रही है। कुछ ही दिनों में चोरी की घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
हादसे में बाल-बाल बची प्रिंसिपल की जान
चोरी की सूचना पर सहारनपुर से मुरादाबाद लौट रहे प्रिंसिपल की कार कांठ रोड पर हादसे की शिकार हो गई। राहत की बात यह है कि दुर्घटना में वह बाल-बाल बच गए। प्रिंसिपल राहत अली के मुताबिक चोरी की सूचना मिलते ही कार में सवार होकर वह मुरादाबाद रवाना हुए। कार सवार प्रिंसिपल 30 मई की देर रात करीब दो बजे कांठ रोड स्थित कुचावली गांव के समीप पहुंचे थे। तभी सामने मुरादाबाद की ओर से आ रहे कंटेनर से उनकी कार की टक्कर हो गई। हादसे में कार व कंटेनर आपस में भिड़ गए। दो सौ मीटर दूर तक कार व कैंटर घिसटते हुए एक साथ चले। आगे ब्रेकर पर उछलने के बाद कार कैंटर से अलग हो गई। घर में चोरी व सड़क पर हादसा होने की घटना से प्रिंसिपल देर तक सदमे का शिकार रहे।
ये भी पढ़ें:- गोरखपुर: एसएसपी के वाहन चालक के बेटे ने किया नाम रोशन, अमेजान कम्पनी में बना साफ्टवेयर इन्जीनियर
