हापुड़ में बड़ा हादसा: कैमिकल फैक्ट्री में बॉयलर फटने से 12 मजदूर की मौत, पीएम व सीएम ने जताया दुख, जांच के लिये गठित हुई कमेटी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के धौलाना क्षेत्र स्थित एक केमिकल फैक्टरी में बॉयलर फटने से मरने वाले मजदूरों की संख्या बढ़कर 13 हो गई। बाकी अन्य लोग मेरठ के मेडिकल कॉलेज और दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती हैं। इनमें कई जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं, जो 75 प्रतिशत तक झुलस …

हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के धौलाना क्षेत्र स्थित एक केमिकल फैक्टरी में बॉयलर फटने से मरने वाले मजदूरों की संख्या बढ़कर 13 हो गई। बाकी अन्य लोग मेरठ के मेडिकल कॉलेज और दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती हैं। इनमें कई जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं, जो 75 प्रतिशत तक झुलस गए। इसकी पुष्टि हापुड़ की सीएमओ रेखा शर्मा ने की है। वहीं इस घटना पर पीएम मोदी व मुख्यमंत्री योगी दुख जताया है।

वहीं इस घटना की जांच के लिए जिला लेवल की एक कमेटी का गठन भी किया जाएगा। बताया जा रहा है फैक्ट्री में 50 लोग काम करते हैं, जिनमें से ज्यादातर शाहजहांपुर के रहने वाले हैं। शनिवार को छुट्टी होने की वजह से 30-40 लोग ही काम पर थे।

हापुड़ जिले की डीएम डीएम मेधा रूपम ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि इस घटना की जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया जाएगा। डीएम मेधा रूपम ने बताया, “फॉरेंसिक टीम पता लगा रही है कि निर्माण कारखाने में हुए विस्फोट के बाद कौन-सा कैमिकल मिला है. इसके अलावा इस पूरी घटना की जांच के लिए एक कमेटी का गठन भी किया जाएगा।”

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक कार्यालय से मिली सूचना के अनुसार हापुड़ जिला मुख्यालय से करीब 22 किलोमीटर दूर धौलाना क्षेत्र में यूपीआईडी की रूही केमिकल फैक्टरी में यह हादसा शनिवार तीसरे पहर करीब सवा तीन बजे हुआ जब फैक्टरी का बॉयलर तेज विस्फोट के साथ फट गया और चारों ओर आग फैल गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्टरी में काम करने वाले करीब दो दर्जन मजदूर फंस गये।

जब तक आग बुझाने का काम शुरू होता, अन्दर फंसे छह मजदूरों की जिन्दा जल जाने से मौत हो गई जबकि एक दर्जन से ज्यादा बुरी तरह झुलस गये। ज्वलनशील केमिकल के आग पकड़ने के वजह से आग काफी बेकाबू हो गई। आसपास के जिलों से कई दमकल गाड़ियों को बुलाना पड़ा। समाचार लिखे जाने तक आग बुझाने का काम जारी था। पुलिस और प्रशासन के तमाम आला अधिकारी मौके पर पहुंच गये हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख

वहीं इस हादसे पर प्रधानमंत्री मोदी ने भी दुख जताया है। पीएमओ के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से पीएम ने लिखा कि उत्तर प्रदेश के हापुड़ की केमिकल फैक्ट्री में हुआ हादसा हृदयविदारक है। इसमें जिन लोगों को जान गंवानी पड़ी है, उनके परिजनों के प्रति मैं अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। घायलों के इलाज और दूसरी हर संभव सहायता में राज्य सरकार तत्परता से जुटी है।

मुख्यमंत्री योगी ने जताया शोक

वहीं इस घटना सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी शोक संदेश में सीएम योगी ने इस हादसे में मारे गये मजदूरों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने आलाधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और जांच के निर्देश दिए।

उन्होंने दुर्घटना में घायल हुए लोगों का समुचित उपचार कराए जाने के जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं। साथ ही मुख्यमंत्री ने घटना के सम्बंध में विशेषज्ञों द्वारा जांच करवाने व मंडल के पुलिस महानिरीक्षक एवं आयुक्त को भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिये हैं। इस बीच राज्य सरकार के सूचना निदेशक शिशिर ने ट्वीट कर बताया कि मेरठ के आयुक्त एवं पुलिस महानिरीक्षक घटना स्थल पर पहुंच गये हैं।

यह भी पढ़ें:-कैमिकल फैक्ट्री में धमाके के बाद आग लगने से दो लोगों की मौत, छह घायल

संबंधित समाचार