अमरोहा : 15 दिन से विद्युत आपूर्ति चरमराई, ग्रामीणों ने किया हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हसनपुर (अमरोहा), अमृत विचार। तहसील क्षेत्र के छह गांवों में 15 दिन से विद्युत आपूर्ति चरमराई हुई है। इस पर सोमवार को ग्रामीण भड़क गए। उन्होंने अधिशासी अभियंता कार्यालय का घेराव कर जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों के अनुसार भीषण गर्मी में बिजली नहीं मिलने से पानी का संकट खड़ा हो गया है। फसलें सूखने की …

हसनपुर (अमरोहा), अमृत विचार। तहसील क्षेत्र के छह गांवों में 15 दिन से विद्युत आपूर्ति चरमराई हुई है। इस पर सोमवार को ग्रामीण भड़क गए। उन्होंने अधिशासी अभियंता कार्यालय का घेराव कर जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों के अनुसार भीषण गर्मी में बिजली नहीं मिलने से पानी का संकट खड़ा हो गया है। फसलें सूखने की कगार पर पहुंच चुकी हैं। अधिकारियों से वार्ता कर विरोध जताते हुए जल्द ही आपूर्ति ठीक कराने की मांग की।

जैसे-जैसे गर्मी बढ़ती जा रही है, वैसे ही विद्युत आपूर्ति पूरी तरीके से चरमरा गई है। हसनपुर तहसील क्षेत्र के गांव ब्रह्माबाद, दाउदपुर, राजपुर, नूरपुर, आलमपुर सहित लगभग छह गांवों में 15 दिन से विद्युत आपूर्ति खराब है, जिससे किसान की खड़ी फसल सूखने के कगार पर है। सोमवार को नाराज ग्रामीण एकत्र होकर नगर के गजरौला मार्ग स्थित विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुंचे और अधिशासी अभियंता अनिल कुमार के सामने अपनी परेशानी रखी। मांग करते हुए कहा कि ग्रामीणों को विद्युत आपूर्ति सुचारु रूप से दी जाए। नाराज ग्रामीणों ने एक सुर में चेतावनी देते हुए कहा अगर ग्रामीण अंचल में विद्युत आपूर्ति सही नहीं की गई तो आंदोलन करने को विवश होंगे। वार्ता के दौरान राकेश त्यागी, जगदीश त्यागी, अंशु त्यागी, सोनू, पुनीत, हर्ष, हिमांशु, राकेश, बिट्टू, रिंकू आदि ग्रामीण मौजूद रहे।

चार ट्रांसफार्मर फुंकने से गांव में पांच दिन से अंधेरा
बुरावली। बिजलीघर से जुड़े गांवों में एक साथ चार ट्रांसफार्मर फुंकने से गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। पिछले पांच दिन से गांव में अंधेरा छाया हुआ है। भीषण गर्मी में लोग बेहाल हैं। फसलें सूखने की कगार पर पहुंच गई हैं। कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका, जबकि बिजली विभाग का दावा था कि फुंके ट्रांसफार्मर को 48 घंटे के भीतर ठीक करा दिया जाएगा, लेकिन यह दावा फेल हो चुका है। न्याय पंचायत बुरावली में पांच दिन पहले एक साथ चार ट्रांसफार्मर फुंक गए थे। सोमवार को पांच दिन बीतने के बाद भी फुंके ट्रांसफार्मर ठीक नहीं हो सके हैं। अलीशेर के घर के निकट लगा ट्रांसफार्मर, दूसरा कब्रिस्तान के सामने रखा ट्रांसफार्मर, महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज के सामने रखा ट्रांसफार्मर फुंक चुका है। इसके अलावा हिरनौटा मार्ग पर रखा ट्रांसफार्मर पांच दिन से फुंका पड़ा है। गांव में एक साथ चार ट्रांसफार्मर फुंकने से ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है, यहां तक कि गेहूं पीसने को दूसरे मोहल्लों में जाना पड़ रहा है। बिजली आपूर्ति नहीं मिलने से घरों में पानी के टैंक खाली हो गए हैं। घरों में इलेक्ट्रॉनिक सामान शोपीस बनकर रह गए हैं। इनवर्टर भी जवाब दे गए। भीषण गर्मी में बिजली भी साथ नहीं दे रही है। जेई जितेंद्र कुमार ने बताया कि लोड अधिक होने के कारण ट्रांसफार्मर फुंके हैं। जल्द ही ट्रांसफार्मर ठीक कराकर बिजली व्यवस्था सुचारू कर दी जाएगी।

जनरेटर न होने से बिजली बिल जमा नहीं हो रहे
हसनपुर। एसडीओ कार्यालय में विद्युत सप्लाई ठीक न होने और जरनेटर की कमी के कारण उपभोक्ताओं के विद्युत बिल समय पर जमा नहीं हो रहे, जिससे रोजाना लाइन में लगकर उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार को हसनपुर आंबेडकर पार्क के निकट एसडीओ कार्यालय में विद्युत आपूर्ति एवं जनरेटर की व्यवस्था ना होने के कारण उपभोक्ता सुबह से विद्युत बिल जमा करने के लिए भटकते रहे, जिससे उपभोक्ताओं में विद्युत विभाग के खिलाफ भारी रोष व्याप्त है। उपभोक्ता जाहिद ने बताया कि वह सुबह से बिल जमा करने के लिए लाइन में खड़ा है, लेकिन सप्लाई न होने का बहाना लेकर अधिकारी और कर्मचारी बिजली बिल जमा करने को तैयार नहीं हैं। एसडीओ कार्यालय में तैनात बाबू दिनेश कुमार ने बताया कि कार्यालय में कई दिन से विद्युत आपूर्ति खराब चल रही है और ना ही जनरेटर की व्यवस्था है, जिसके कारण बिल जमा नहीं हो पा रहा है। उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है, लेकिन कोई भी व्यवस्था नहीं हो पाई है।

ये भी पढ़ें : संभल : 15 दिन बाद भी नहीं बदला फुंका ट्रांसफार्मर, उपभोक्ताओं में आक्रोश

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज