बरेली: स्मार्ट सिटी की रैकिंग में बरेली पिछड़कर 17वीं पर पहुंचा
अमृत विचार, बरेली। स्मार्ट सिटी की रैकिंग में बरेली पिछड़ गया है। पिछली बार प्रदेश में चौथे स्थान पर रहने वाला बरेली अब पांचवे स्थान पर चला गया है। देश में बरेली की रैकिंग 17वीं है। सोमवार को जारी हुई रैंकिंग में प्रयागराज इस बार प्रदेश में चौथे और देश में 15वें पायदान पर आया …
अमृत विचार, बरेली। स्मार्ट सिटी की रैकिंग में बरेली पिछड़ गया है। पिछली बार प्रदेश में चौथे स्थान पर रहने वाला बरेली अब पांचवे स्थान पर चला गया है। देश में बरेली की रैकिंग 17वीं है। सोमवार को जारी हुई रैंकिंग में प्रयागराज इस बार प्रदेश में चौथे और देश में 15वें पायदान पर आया है। पिछली बार प्रयागराज 21वें पायदान पर था।
स्मार्ट सिटी बरेली के अफसर चौथे स्थान से छलांग लगाकर आगे बढ़ने की कवायद कर रहे थे लेकिन उनके प्रोजेक्टों की सुस्त प्रगति ने बरेली के अफसरों को निराश कर दिया है। अप्रैल में बरेली में स्मार्ट सिटी के कई प्रोजेक्टों पर तेजी से काम हुआ और इसका नतीजा यह हुआ था कि 35वीं रैंक से छलांग मारते हुए बरेली 17वें पायदान पर पहुंच गया था। अप्रैल में प्रयागराज 21, सहारनपुर 22, मुरादाबाद 31वीं रैंक पर था।
दो माह पुराने स्तर पर पहुंची रैंकिंग
मई में शहरी विकास मंत्रालय ने देश के 100 स्मार्ट शहरों की रैंकिंग जारी की तो उसमें बरेली को 15वां स्थान मिला था। पिछले माह प्रदेश में स्मार्ट सिटी के काम कराने में बरेली चौथे स्थान पर पहुंच गया था। प्रगति रिपोर्ट अच्छी आने से अफसर खुश थे लेकिन यह खुशी अफसर कायम नहीं रख सके और अतिउत्साह में उन्होंने कोई ऐसा कार्य नहीं किया जिससे रैंकिंग में सुधार आता। वे सुस्त हुए तो रैंकिंग भी गिरकर दो माह पुराने स्तर पर आ गई।
अभी कई निर्माण कार्य नहीं हुए पूरे
6 जून को जारी हुई स्मार्ट सिटी की रैकिंग में बरेली प्रदेश में पांचवे स्थान पर पहुंचा है। उसकी रैकिंग भी 17वीं है। बरेली में निर्माण कार्य की धीमी प्रगति रैंकिंग गिरने का मुख्य कारण है। नाला निर्माण कार्य अभी तक पूरा नहीं हुआ है। शहर में कई जगह नाले अब भी खुले हैं। हालांकि अक्षर विहार, पुरानी जेल में लाइट एंड साउंड सिस्टम, शीशे की भूलभुलैया, प्रोजेक्ट पूरे हो चुके हैं। इनके उद़्घाटन का इंतजार है। सालिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोजेक्ट पर भी काम चल रहा है।
भूपेश कुमार सिंह, महाप्रबंधक स्मार्ट सिटी-
लक्ष्य के साथ प्रोजेक्ट पूरे किए जा रहे हैं। निर्माण कार्य भी पूरे होने की ओर बढ़ रहे हैं। बीच में कुछ काम की गति रुकी थी लेकिन अब वे भी तेजी पकड़े हैं। बरेली स्मार्ट सिटी के कुछ प्रोजेक्ट तो पूरे भी हो चुके हैं। हम फिर आगे आएंगे। रैंक में भी छलांग लगाने को भरपूर प्रयास जारी है।
ये भी पढ़ें- बरेली: उपमुख्यमंत्री से मिले हिंदुस्तान स्काउट्स गाइड्स
