पीलीभीत: बांसुरी कारीगर को भाई ने चाकू मारा, हालत गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। मामूली विवाद के बाद बांसुरी कारीगर पर उसके सगे भाई ने हमला कर दिया। गाली गलौज करते हुए मारपीट की गई। इसके बाद पेट और पीठ में चाकू से तीन वार करके लहूलुहान कर दिया। बचाने आए बेटे की भी पिटाई कर दी। घायल को परिवार वाले बाइक से कोतवाली लेकर पहुंचे …

पीलीभीत, अमृत विचार। मामूली विवाद के बाद बांसुरी कारीगर पर उसके सगे भाई ने हमला कर दिया। गाली गलौज करते हुए मारपीट की गई। इसके बाद पेट और पीठ में चाकू से तीन वार करके लहूलुहान कर दिया। बचाने आए बेटे की भी पिटाई कर दी। घायल को परिवार वाले बाइक से कोतवाली लेकर पहुंचे और घटना बताई। जिसके बाद आनन-फानन में घायल को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। सीओ सिटी और कोतवाल ने पुलिस बल के साथ मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। आरोपी की धरपकड़ के लिए एक टीम लगाई है।

घटना कोतवाली क्षेत्र के गांव चंदोई में हुई। यहां के रहने वाले मोहम्मद इदरीश उर्फ गुड्डू बांसुरी कारीगर है। उनका अपने ही सगे भाई भइये से दो दिन से विवाद चल रहा था। मंगलवार को वह घर पर थे। आरोपी भाई गाली गलौज करता हुआ घर में घुस आया। विरोध करने पर मारपीट करने लगा। परिवार के लोग बीच बचाव कराने में जुट गए। इस दौरान भईये ने चाकू से वार करना शुरू कर दिए। एक-एक कर तीन वार किए। जिसमें पेट, कांधे और पीठ में चाकू लगा।

शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण जमा हुए तो हमलावर धमकी देकर भाग गया। घायल को बेटा सुल्तान बाइक से लेकर पहले खकरा पुलिस चौकी पहुंचा। यहां मौजूद सिपाहियों को पूरी बात बताई। इसके बाद लहूलुहान हालत में कोतवाली पहुंचे। वहां इंस्पेक्टर हरीश वर्धन सिंह घायल को आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर आए और भर्ती करा दिया। घटना की जानकारी मिलते ही सीओ सिटी सुनील दत्त भी जिला अस्पताल आ गए। उधर, खकरा चौकी पुलिस को आरोपी की धरपकड़ के लिए गांव भेज दिया गया। परिवार वालों से पुलिस ने कानूनी कार्रवाई के लिए तहरीर मांगी है।

भाई की पत्नी को बचाना पड़ गया महंगा
घायल की मानें तो एक दिन पूर्व उसका भाई भइये अपनी पत्नी रेहाना की पिटाई कर रहा था। बेहरमी से पिटाई किए जाने पर वह बीच बचाव कराने पहुंच गए थे। उन्होंने रेहाना को पति से बचाया और घर छुड़वा दिया था। उसकी शिकायत करने के लिए भी कह दिया था। इसी की रंजिश मान दूसरे दिन भइये ने बांसुरी कारीगर पर हमला बोल दिया। परिजनों और घायल से हुई बातचीत के बाद यह बात निकलकर आई है।

पारिवारिक विवाद के चलते दो भाइयों में झगड़े की बात सामने आई है। जिसे लेकर एक ने दूसरे को चाकू से हमला कर घायल कर दिया। घायल को अस्पताल भर्ती कराया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस छानबीन कर रही है।-सुनील दत्त, सीओ सिटी।

ये भी पढ़ें- पीलीभीत: ईओ की मोहर और हस्ताक्षर का फर्जीवाड़ा कर बनाया जन्म प्रमाण पत्र

 

संबंधित समाचार