पीलीभीत: शादी के एक माह बाद नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत
पीलीभीत/बरखेड़ा, अमृत विचार। शादी के महज एक माह बाद नवविवाहिता की ससुराल में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव फंदे पर लटका मिला। इसकी सूचना मिलने पर रिश्तेदार विवाहिता की ससुराल पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। बरखेड़ा पुलिस ने मौका मुआयना कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजन ने …
पीलीभीत/बरखेड़ा, अमृत विचार। शादी के महज एक माह बाद नवविवाहिता की ससुराल में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव फंदे पर लटका मिला। इसकी सूचना मिलने पर रिश्तेदार विवाहिता की ससुराल पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। बरखेड़ा पुलिस ने मौका मुआयना कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजन ने पारिवारिक कलह की ओर इशारा करते हुए अनहोनी की भी आशंका जताई। फिलहाल किसी तरह की तहरीर अभी नहीं दी गई है। आगे की कार्रवाई के लिए परिजन के कश्मीर से वापसी का इंतजार किया जा रहा है। घटना के चलते हड़कंप मचा रहा। पुलिस मामले की छानबीन चल रही है।
न्यूरिया थाना क्षेत्र के बिथरा गांव निवासी 19 वर्षीय चांदनी पुत्री पूरनलाल की शादी नौ मई को बरखेड़ा थाना क्षेत्र के दौलापुर गांव निवासी लक्ष्मण प्रसाद से हुई थी। सोमवार रात ससुराल में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव फंदे पर लटका था। ग्रामीणों से सूचना रिश्तेदारों को दी गई।
इस पर वह मौके पर पहुंचे तो शव उतारा जा चुका था। घटना की सूचना बरखेड़ा पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। मंगलवार को शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बता दें कि शादी के बाद मृतका के परिजन कश्मीर मजदूरी करने चले गए थे। ऐसे में अब घटना का पता लगने पर वापस आ रहे हैं। आगे की कार्रवाई के लिए उनका इंतजार रिश्तेदार करते रहे। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पति की मौजूदगी पर सवाल
घटना के बाद यह बताया जाता रहा कि विवाहिता का पति उत्तराखंड के खटीमा में मजदूरी करने के लिए गया हुआ था। सास और ससुर घर पर ही थे। मगर, पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद कुछ रिश्तेदारों ने इस बात को गलत करार दिया। उनका कहना था कि एक दिन पहले ही पति ने फोन कर विवाहिता से बात कराई थी। अब खटीमा जाने की झूठी कहानी रच दी गई है। फिलहाल पुलिस पड़ताल कर रही है।
…तो एक फोटो बन गया मौत की वजह
घटना के पीछे क्या वजह रही, यह तो जांच पूरी होने और परिवार की वापसी के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मगर, रिश्तेदारों से मिली जानकारी के बाद सामने आया है कि शादी के दौरान खींचा गया एक फोटो ही विवाहिता की मौत तो नहीं बन गया। उन्होंने बताया कि विवाहिता की एक महिला रिश्तेदार के परिचित के साथ खींचे गए उसके फोटो को लेकर दंपती में विवाद होने लगा था।
विवाहिता की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच कराई जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी—- उदयवीर सिंह, एसओ बरखेड़ा।
इसे भी पढ़ें- पीलीभीत: जिला कारागार से कैदी ने फोन कर अधिवक्ता को धमकाया
