बाराबंकी: बंदर का शव दफनाने को लेकर दो पक्ष भिड़े, 13 पर मुकदमा दर्ज, 7 गिरफ्तार
अमृत विचार,बाराबंकी। बंदर का शव बाग में दफन करने को लेकर सोमवार की शाम दो पक्ष आपस में भिड़ गए थे। मामला तूल पकड़ने पर पहुंची पुलिस को भी अराजकतत्वों के विरोध का सामना करना पड़ा। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों को उपजिला मजिस्ट्रेट ने जेल रवाना कर …
अमृत विचार,बाराबंकी। बंदर का शव बाग में दफन करने को लेकर सोमवार की शाम दो पक्ष आपस में भिड़ गए थे। मामला तूल पकड़ने पर पहुंची पुलिस को भी अराजकतत्वों के विरोध का सामना करना पड़ा। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों को उपजिला मजिस्ट्रेट ने जेल रवाना कर दिया है।
जहांगीराबाद थाना के भयारा मजरे रुस्तमपुर में सोमवार को एक बंदर पेड़ से गिर गया था, जिसे कुत्तों ने भी नोंचा था और उसकी मौत हो गई थी। बंदर के शव को गांव के हरीशचंद्र, अनूप, जगदीश, सुनील व सुरेश आदि ने गजोधर व बुद्धराम की बाग में एक पेड़ के नीचे दफन कर वहां पूजा-अर्चना शुरू कर झंडे लगा दिए। बताया जाता है कि वहां पर लोग मंदिर स्थापित करने की चर्चा करने लगे।
जानकारी होने पर पहुंचे बाग मालिक ने विरोध जताया। इसको लेकर दोनों पक्ष बवाल करने लगे, जिससे तनाव व्याप्त हो गया। जहांगीराबाद कोतवाल विनोद यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने की कोशिश की। आरोप है कि भीड़़ ने पुलिस से भी अभद्रता की। स्थिति को समझते हुए पीआरवी व थाने की फोर्स ने धैर्य से स्थिति को काबू किया। मौके से सात लोग गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाल ने बताया कि उपनिरीक्षक अशोक कुमार सिंह की ओर से दोनों पक्षों के 12 नामजद सहित 13 पर मुकदमा लिखा गया है। इसमें नामजद सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपितों का शांतिभंग के तहत चालान किया गया, जिनको उपजिला मजिस्ट्रेट ने जेल भेज दिया है। कोतवाल ने मंदिर बनाने और पुलिस से अभद्रता की बात से इन्कार किया है।
पढ़ें-Russia-Ukraine War : यूक्रेन की राजधानी कीव तक पहुंची रूसी सेना, शहरों पर तेज की बमबारी
