मुरादाबाद: खाते से रकम उड़ाने वाले दो गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। बैंक ग्राहकों की आंख में धूल झोंककर लाखों की ठगी करने के दो आरोपी बुधवार को बिलारी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। उनके कब्जे से 20 एटीएम, सात आधार कार्ड, चार मोबाइल फोन व 69,120 रुपये नगदी के अलावा अन्य सामान बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान एक ने बिहार का तो दूसरे …

मुरादाबाद, अमृत विचार। बैंक ग्राहकों की आंख में धूल झोंककर लाखों की ठगी करने के दो आरोपी बुधवार को बिलारी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। उनके कब्जे से 20 एटीएम, सात आधार कार्ड, चार मोबाइल फोन व 69,120 रुपये नगदी के अलावा अन्य सामान बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान एक ने बिहार का तो दूसरे युवक ने खुद को हरियाणा का रहने वाला बताया। दोनों को 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

  • हत्थे चढ़े आरोपियों में एक बिहार व दूसरा हरियाणा का
  • धोखाधड़ी और ठगी के आरोप में जेल भेजे गए दोनों आरोपी

एसपी ग्रामीण विद्या सागर मिश्र ने बताया कि थाना बिलारी कस्बे की रहने वाली एक महिला ने तहरीर देकर बताया कि एटीएम कार्ड बदल कर ठगों ने उसके खाते से हजारों रुपये की निकासी की है। तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी व ठगी का मुकदमा पंजीकृत करने के बाद पुलिस जालसाजों की तलाश में जुट गई। बुधवार को कस्बे के समीप मिले दो संदिग्धों को पुलिस ने दबोच लिया। चार पहिया वाहन पर सवार संदिग्धों की पहचान निकेश कुमार निवासी ग्राम एकनार थाना हिसुआ जिला नवादा, बिहार व राकेश पुत्र धर्म सिह निवासी शान्तिनगर थाना धर्डगेट कुरूक्षेत्र, हरियाणा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 20 एटीएम कार्ड, सात आधार कार्ड, चार मोबाइल फोन, दो पर्स व उसमें रखे 69,120 रुपये के अलावा एक कार पुलिस ने बरामद की।

पलक झपकते ही बदल देते थे एटीएम
बिलारी थाना प्रभारी के मुताबिक हत्थे चढ़े दोनों ठग सिद्धहस्त जालसाज हैं। वह फर्जी एटीएम कार्ड लेकर एटीएम मशीनों के आसपास सक्रिय रहते हैं। वह ऐसे बैंक ग्राहकों की तलाश में रहते हैं, जो एटीएम कार्ड का उपयोग करना नहीं जानते। मदद की आड़ में बैंक ग्राहकों की आंख में धूल झोंक वह एटीएम कार्ड का फेरबदल कर देते थे। इसके बाद बैंक ग्राहक के पीछे मुड़ते ही उनके खाते से रकम निकाल लेते थे। आरोपियों ने बरेली, बस्ती, गुडगांव, गाजियाबाद, पंजाब व बिहार में ठगी व धोखाधड़ी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस हत्थे चढ़े दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है।

दिल्ली में हुई थी ठगों की दोस्ती
बिहार के नवादा जिले के रहने वाले निकेश व हरियाणा के कुरुक्षेत्र का मूल निवासी राकेश की दोस्ती छह माह पुरानी है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि निकेश कामकाज की तलाश में दिल्ली पहुंचा था। इस दरम्यान ही राकेश की उससे मुलाकात हो गई। निकेश ने राकेश को एटीएम मशीनों के पास ठगी करने की सलाह दी। दोनों ने ठगी की पहली शुरुआत दिल्ली एनसीआर से की। वहां निकेश को सफलता मिलते ही दोनों की बाछें खिल गईं। फिर राकेश ने अपने नाम से एक सैकेंड हैंड कार खरीद ली। इसके बाद दोनों कार में सवार होकर यूपी, हरियाणा, पंजाब व दिल्ली एनसीआर के आसपास ठगी की घटनाओं को अंजाम देने लगे।

ये भी पढ़ें:- भाजपा की गलतियों की कीमत कई वर्षों से चुका रहा है भारत- कांग्रेस नेता रमेश

संबंधित समाचार