बिजनौर : श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्राली खाई में पलटी, दो लोगों की मौत, 12 घायल
मंडावली (बिजनौर), अमृत विचार। सिद्ध कुटी धर्मस्थल से लौट रही श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली मंडावली क्षेत्र में अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। ट्रॉली पलटने से चालक सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 12 लोग घायल हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच पड़तल कर शव …
मंडावली (बिजनौर), अमृत विचार। सिद्ध कुटी धर्मस्थल से लौट रही श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली मंडावली क्षेत्र में अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। ट्रॉली पलटने से चालक सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 12 लोग घायल हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच पड़तल कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। वहीं मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया।
गांव हमीदपुर माखन उर्फ हेमंतपुर भनेड़ा के ग्रामीण भागूवाला के निकट स्थित सिद्ध कुटी धर्मस्थल से ट्रैक्टर ट्रॉली से लौट रहे थे। ट्रैक्टर ट्रॉली पर लगभग 20 ग्रामीण श्रद्धालु सवार थे। गुरुवार सुबह लगभग 11 बजे थाना मंडावली क्षेत्र के मोटा महादेव की ओर जाने वाले मार्ग पर अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर ट्रॉली 10 फीट गहरी खंदक में पलट गई। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक पंकज (23), मनीष (20) की मौत हो गई, जबकि बबीता पत्नी विपिन, सतीश पुत्र कोमल सिंह, मीनाक्षी पत्नी पतराम, सीमा पत्नी मेहर सिंह, सर्वेश पत्नी आनन्द, साने पुत्र सुरेश व अवनीश पुत्र सुरेश निवासी हमिदपुर माखन घायल हो गए।
घटना की सूचना पर मंडावली थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार गौड़, सीओ गजेंद्र पाल सिंह पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सभी घायलों को नजीबाबाद के निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने घायलों का उपचार शुरू कर दिया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ये भी पढ़ें : बिजनौर : 50 लाख के सोना के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, लग्जरी कार व अवैध हथियार भी बरामद
