पीलीभीत: देवहा नदी में नहाने गए छात्र की डूबकर मौत
बीसलपुर, अमृत विचार। दोस्तों के साथ देवहा नदी में नहाने गए छात्र की डूबने से मौत हो गई। कई घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव नदी से बरामद किया गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ज्येष्ठ माह के …
बीसलपुर, अमृत विचार। दोस्तों के साथ देवहा नदी में नहाने गए छात्र की डूबने से मौत हो गई। कई घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव नदी से बरामद किया गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ज्येष्ठ माह के दशहरा गंगा स्नान पर्व पर गुरुवार को तहसील क्षेत्र के ग्राम भोरुआ में देवहा नदी घाट पर मेला लगाया गया था। जिसमें सुबह से ही लोग देवहा नदी में स्नान करने के लिए पहुंचे थे। पूजा पाठ भी की गई थी। भक्तों की ओर से भंडारे और प्याऊ भी लगाए गए थे।
इस मेले में नगर के मोहल्ला दुबे निवासी कारीगर लालाराम का 14 वर्षीय पुत्र राजकुमार भी गया था। उसके साथ मोहल्ले के ही सनी और अन्नू भी थे। तीनों देवहा नदी में स्नान करने के लिए उतर गए। फिर नदी में ही गेंद उछालकर खेल रहे थे। इस बीच राजकुमार गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
साथियों ने डूबते देखा तो बचाने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। शोर मचाकर अन्य लोगों को जमा किया गया। छात्र के नदी में डूबने का शोर मचते ही हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन भी आ गए। नदी में डूबे छात्र की गोताखोर लगाकर तलाश शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद उसका शव नदी से बरामद कर लिया गया।
हाईस्कूल का छात्र था राजकुमार
मृतक राजकुमार दो भाइयों में बड़ा था। वह कक्षा नौ की परीक्षा पास कर इसी साल हाईस्कूल में पहुंचा था। उसकी नदी में डूबने की खबर परिवार तक पहुंची तो कोहराम मच गया। सलामति की प्रार्थना करते हुए परिजन नदी के घाट पर पहुंच गए। मगर, जैसे ही शव निकला तो परिजन बदहवाश हो गए। चीख पुकार मच गई। जवान बेटे की मौत से सभी का रो-रोकर बुरा हाल रहा। मां नन्ही देवी बार-बार गश खाकर गिरती रही। उसे परिजन ढांढस बंधाते रहे।
देवहा नदी में नहाते वक्त एक किशोर की डूबने से मौत हो गई है। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसा दु:खद है।—नरेश कुमार त्यागी, कोतवाल।
इसे भी पढ़ें- पीलीभीत: जेल अधीक्षक पर गिरी गाज, बस्ती तबादला
