गोरखपुर: जनता दर्शन में सीएम से बोली महिला- मेरे बेटे के हत्यारों को पुलिस नहीं कर रही गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोरखपुर। दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने शुक्रवार की सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान लोगों की शिकायतें सुनी। इस दौरान पुलिस और जमीनी विवाद की समस्या से जुझ रहे करीब 800 से अधिक लोग अपनी फरियाद लेकर सीएम के पास पहुंचे। हिंदु सेवाश्रम में सीएम ने करीब …

गोरखपुर। दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने शुक्रवार की सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान लोगों की शिकायतें सुनी। इस दौरान पुलिस और जमीनी विवाद की समस्या से जुझ रहे करीब 800 से अधिक लोग अपनी फरियाद लेकर सीएम के पास पहुंचे। हिंदु सेवाश्रम में सीएम ने करीब 200 लोगों की समस्या सुनी और उन्हें मदद का भरोसा दिलाया।

जबकि यात्री निवास में पहुंचे करीब 600 फरियादियों की शिकायत मुख्यमंत्री के निर्देश परअधिकारियों ने सुनी और उनके प्रार्थना पत्र लेकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान सीएम ने अपनी मां की गोद में बैठे एक बच्चे को चॉकलेट देकर दुलार भी किया।
हमेशा की तरह इस बार भी जनता दर्शन में काफी भीड़ थी।

इनमें सबसे अधिक पुलिस की शिकायत देख सीएम उस वक्त नाराज हो गए, जब छोटे- छोटे मामलों में भी पुलिस की लापरवाहियों की पोल फरियादी खोलने लगे। बांसगांव इलाके सिरसिया की रहने वाली चंदा देवी ने मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र देकर गुहार लगाई कि उनके 6 साल के बेटे लक्ष्य उर्फ गोलू की 2 अप्रैल 2022 को अपहरण कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस मामले में मुकदमा तो दर्ज हो गया, लेकिन गिरफ्तारी पुलिस ने आज तक नहीं की। इससे आज भी वह दहशत में जी रही है।

कुछ ऐसी ही मामला चिलुआताल इलाके के अमवा की रहने वाली जलुसा देवी का भी था। सीएम योगी को देख वह रो पड़ी। उन्होंने मुख्य मंत्री को बताया ​कि उनके पति जुगानी निषाद की 3 महीने पहले गांव के ही कुछ लोगों ने हत्या कर दी। लेकिन चिलुआताल पुलिस हत्यारों से मिली हुई है। जिसकी वजह से तीन महीने बीत जाने के बाद भी हत्यारे बेखौफ घूमते हुए हमें धमकी दे रहे हैं और पुलिस हाथ पर हाथ रखे बैठी है। महिला ने बताया कि उन्होंने कई बार इसकी शिकायत पुलिस अधिकारियों से भी की, लेकिन उन्हें कोई मदद नहीं मिली।

पुलिस से जुड़े अधिकांश मामलों में पुलिस की लापरवाहियों की शिकायत देख मुख्यमंत्री बेहद नाराज दिखे। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि नीचे स्तर पर पुलिस कोई काम नहीं कर रही, अगर करती तो न ही इतने लोग मेरे पास आते और न ही पुलिस से जुड़ी इतनी शिकायतें ही आती। सीएम ने कहा कि तत्काल इन मामलों में हत्यारों की गिरफ्तारी की जाए।

उन्होंने वहां मौजूद अधिकारियों पर नाराजगी के साथ ही निर्देश दिया कि अब तक इन मामलों में कार्रवाई क्यों नहीं हुई, इसका स्पष्टीकरण भी लिया जाए। शुक्रवार के जनता दर्शन में गोरखपुर और बस्ती मंडल के अलावा मेरठ, कन्नौज व अन्य जिलों से भी लोग अपनी समस्याओं को लेकर आए थे। जनता दर्शन के दौरान कमिश्नर रवि कुमार एनजी,डीएम कृष्णा करुणेश, डीआई जी जे रविंद्र गौड़, एसएसपी डा विपिन टाडा और एसपी सिटी कृष्णा विश्नोई मौजूद रहे।

इसके अलावा जमीनी विवाद और इलाज में के लिए मदद से जुड़े मामले में जनता दर्शन में पहुंचे। सीएम ने सभी की समस्याओं को सुन उन्हें मदद का भरोसा दिलाया। इसके अलावा करीब 50 से अधिक लोगों ने मुख्यमंत्री से मंदिर के लालकक्ष में भी मुलाकात की। राप्ती नगर काम्पलेक्स की समस्या लेकर लालकक्ष में पहुंचे कुछ लोगों से सीएम ने कहा कि जनता दर्शन में ही इसे देना चाहिए था। वहां अधिकारी थे। तत्काल कार्रवाई होती।

योगी ने की गो सेवा, गुल्लू को भी दुलारा

इससे पहले सीएम ने सुबह पूजन-अर्चन के बाद मंदिर परिसर के भ्रमण और गो सेवा के बाद उन्होंने अपने पालतू कालू और गुल्लू को भी दुलारा। इसके बाद वह हिंदू सेवाश्रम गए, जहां सुबह से ही अपनी समस्या बताने के लिए लोग उनका इंतजार कर रहे थे। वहां आए हर-एक के पास खुद पहुंचकर उनका प्रार्थना-पत्र लिया और उनकी फरियाद सुन तत्काल निवारण करने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें:-गोरखपुर: सीएम योगी के जनता दर्शन में पहुंचे 500 से अधिक फरियादी, सुनी एक-एक की पीड़ा

संबंधित समाचार