पीलीभीत: जेल से धमकी देने वाले कैदी हरवंश पर शिकंजा कसने की तैयारी
पीलीभीत, अमृत विचार। जेल में बंद कैदी द्वारा अधिवक्ता को धमकी देने के मामले को लेकर शासन संजीदा है। एक दिन पूर्व जेल अधीक्षक का तबादला कर दिया गया था। अब धमकी देने वाले कैदी हरवंश पर शिकंजा कसने की तैयारी है। शासन ने बंदी के आचरण समेत अन्य बिंदुओं पर रिपोर्ट तलब की है। …
पीलीभीत, अमृत विचार। जेल में बंद कैदी द्वारा अधिवक्ता को धमकी देने के मामले को लेकर शासन संजीदा है। एक दिन पूर्व जेल अधीक्षक का तबादला कर दिया गया था। अब धमकी देने वाले कैदी हरवंश पर शिकंजा कसने की तैयारी है। शासन ने बंदी के आचरण समेत अन्य बिंदुओं पर रिपोर्ट तलब की है। धमकी देने की घटना के बाद जेल प्रशासन भी उसे कहीं और शिफ्ट करने को लेकर पत्राचार कर चुका है। ऐसे में बंदी पर जल्द शिकंजा कसे जाने के कयास लगाए जा रहे हैं।
बीसलपुर के रहने वाले अधिवक्ता प्रदीप कुमार को जेल में बंद दुष्कर्म के सजायाफ्ता कैदी कनाकोर गांव निवासी हरवंश ने जेल से संचालित पीसीओ से कॉल कराकर कांफ्रेंसिंग के जरिए जान से मारने की धमकी दी थी। इस मामले में जब अधिवक्ता ने एसपी से शिकायत की तो खलबली मच गई थी। जेल के बंदी रक्षक की ओर से कैदी पर एफआईआर कोतवाली में दर्ज करा दी गई थी।
शासन ने प्रकरण का संज्ञान लेकर जेल अधीक्षक शशिकांत सिंह का तबादला बस्ती कर दिया था। हरवंश पर एक माननीय का संरक्षण प्राप्त होने की चर्चा है। अधिवक्ता को धमकाने की मुख्य वजह भी माननीय से ही जोड़कर देखी जाती रही थी। ऐसे में अब हरवंश पर भी शिकंजा कसने की तैयारी है।
शासन ने जेल प्रशासन से बंदी की रिपोर्ट मांगी। उधर, दूसरी तरफ जेल अधीक्षक की ओर से हरवंश को दूसरी जेल में शिफ्ट करने के संबंध में भी पत्राचार किया गया है। ऐसे में माना जा रहा है कि शासन स्तर से उसकी जेल बदलने पर विचार किया जा सकता है।
इसे भी पढ़ें- पीलीभीत: एक नहीं चार-चार लड़कियों से रचाई शादी, पत्नी को पीटा
