लखीमपुर-खीरी: शहर में बेधड़क कट रहीं अवैध कॉलोनियां, किस्तों में बेच रहे हैं प्लॉट
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। नगर पालिका व उसके आसपास क्षेत्र में बेधड़क अवैध कॉलोनियां विकसित की जा रही हैं। प्रापर्टी डीलर नियम विरुद्ध तरीके से प्लाटिंग कर प्लॉटों को बेचकर मोटी कमाई कर रहे हैं। अधिकारियों और प्रापर्टी डीलरों के गठजोड़ का नतीजा है कि शहरी क्षेत्र में चल रहे इस अवैध कारोबार पर रोक नहीं …
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। नगर पालिका व उसके आसपास क्षेत्र में बेधड़क अवैध कॉलोनियां विकसित की जा रही हैं। प्रापर्टी डीलर नियम विरुद्ध तरीके से प्लाटिंग कर प्लॉटों को बेचकर मोटी कमाई कर रहे हैं। अधिकारियों और प्रापर्टी डीलरों के गठजोड़ का नतीजा है कि शहरी क्षेत्र में चल रहे इस अवैध कारोबार पर रोक नहीं लग पा रही है। प्रॉपर्टी डीलर सरकारी आदेशों को ठेंगा दिखा चारदीवारी कर लोगों को कॉलोनी में अच्छी सुविधा मिलने का दावा कर लुभाने में लगे हैं। वहीं संबंधित विभाग के अधिकारी आंख बंद करके बैठे हैं।
नगर पालिका और उससे सटे आसपास के क्षेत्र में अवैध कॉलोनियां तेजी से विकसित हो रही हैं। शहर से सटे गांव राजापुर, सलेमपुर कोन, आवास विकास नहर पटरी के सामने सहित कई स्थानों पर प्रापर्टी डीलर अवैध कॉलोनियों को विकसित कर रहे हैं। अपनी मनमर्जी से लेआउट प्लान बना लिया। इसके अलावा भी कई नियमों को दरकिनार किया गया है। ले आउट प्लान को दिखाकर प्लॉटों की बिक्री की जा रही है।
इतना ही इन अवैध कॉलोनियों में प्लॉट की बिक्री करने के लिए विभिन्न प्रचार माध्यम का सहारा लिया जाता है और पंफलेट आदि बांटकर मार्केटिंग भी की जा रही है। जिसमें लोगों को सस्ते दर और किस्तों में प्लॉट खरीदने का प्रलोभन दिया जा रहा है। लोग सस्ते प्लॉट के चक्कर में आकर इन प्रापर्टी डीलरों से प्लाटों को खरीद रहे हैं। प्रॉपर्टी डीलर सरकारी आदेशों को ठेंगा दिखा चारदीवारी कर लोगों को कॉलोनी में अच्छी सुविधा मिलने का दावा कर लुभाने में लगे है।
इस अवैध कारोबार में संबंधित अधिकारियों और प्रापर्टी डीलरों के बीच चोली दामन का साथ रहता है। गठजोड़ होने के कारण दोनों एक-दूसरे को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से लाभ पहुंचाते हैं। यही वजह है कि अवैध रूप से विकसित हो रही कॉलोनियों पर अधिकारी अंकुश नहीं लगा पा रहा हैं।
मजबूरन संबंधित विभाग के अधिकारियों को आंख बंद करनी पड़ती है। खासबात यह है कि जिम्मेदार अफसरों और प्रापर्टी डीलरों के बीच गठजोड़ के साथ ही पहले से कटी कॉलोनियों में भी धड़ल्ले से मकान निर्माण का काम किया जा रहा है। इन कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को न तो बिजली मिल रही है न ही पीने का पानी। इससे परेशान होकर बुधवार को कई लोगों ने डीएम को ज्ञापन दिया था और समस्याओं का समाधान करने का आग्रह किया था, लेकिन अभी तक समस्या जस की तस बनी हुई है।
खास बात यह है कि वर्ष 2016 के बाद जिला प्रशासन व नगर पालिका को इस बात की जिम्मेदारी सौंपी गई थी कि शहर में कहीं भी अवैध कॉलोनी विकसित नहीं होना चाहिए। अवैध कॉलोनी के विकसित होने पर तत्काल रोक लगाने के भी निर्देश दिए गए थे, लेकिन उसके बाद भी सांठगांठ से शहर में बेधड़क जमकर अवैध कॉलोनी काटी जा रही हैं।
सबकुछ अवैध फिर भी नहीं करते कार्रवाई
अवैध रूप से शहर और उसके आसपास विकसित हो रहीं कॉलोनियों में जिला प्रशासन, नगरपालिका व इंजीनियर प्रापर्टी डीलरों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। पूर्व में विकसित की गई शहर में 13 से अधिक कॉलोनी काटने के मामले सामने आए थे, लेकिन इनमें किसी पर कोई कार्रवाई आज तक नहीं हुई।
फीस की बचत और करोड़ों की होती है कमाई
प्रापर्टी डीलर किसी भी कानूनी पचड़े में नहीं पड़ते और उनकी कमाई भी करोड़ों में होती है। प्रापर्टी डीलर अवैध कॉलोनी निर्माण के लिए शहर से सटी डेढ़ से तीन एकड़ तक खेतों की जमीन का चयन करते हैं और पार्टनरशिप में उसे खरीदकर इसको चोरी छिपे डेवलेप करते हैं। इससे वे मोटी फीस बचाने के साथ ही सड़कों, पार्क, सीवरेज आदि में इस्तेमाल होने वाली जमीन को भी प्लॉट काटकर बेच देते हैं।
बिजली कनेक्शन को लेकर भटक रहे बालाजी धाम कॉलोनी के लोग
अमृतविचार, लखीमपुर-खीरी। बालाजी धाम कॉलोनी के लोग भुगत बिजली कनेक्शन न होने से भटक रहे हैं। कॉलोनी के लोगों ने डीएम को शिकायती पत्र देकर बिजली कनेक्शन कराने की मांग की है। कॉलोनी के रहने वाले विपिन कुमार, पुष्पा देवी, रामकृष्ण, पंकज कुमार, घनश्याम, आशा गुप्ता, नीलू आदि ने बताया कि अपने आवास में बिजली कनेक्शन लेने के लिए काफी समय पहले ऑनलाइन आवेदन करा रखा है, लेकिन अभी तक बिजली का कनेक्शन नहीं दिया गया है।
अधिकारी सिर्फ आश्वासन देकर टरका देते हैं। उन्होंने बताया कि उनके आवास से बिजली लाइन महज 600 मीटर दूर जयपुरिया स्कूल के पास तक आई है। मोहल्ले के लोग बिजली खंभे आदि पर आने वाले खर्च को वहन करने के लिए भी तैयार हैं। फिर भी विभाग कनेक्शन नहीं कर रहा है। कई बार शहर विधायक से भी मिले और कनेक्शन कराने की मांग की, लेकिन शहर विधायक ने भी कोई तवज्जो नहीं दी।
मैने अभी ज्वाइन किया है इस तरह की कॉलोनी विकसित होने का कोई मामला मेरे संज्ञान में नहीं आया है। यदि कोई शिकायत मिलती है तो जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी—श्रद्धा सिंह, एसडीएम सदर।
इसे भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: महिला की पिटाई कर की छेड़छाड़, घर से निकाला
