संभल : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में एक दूजे के हुए 418 जोडे़
संभल, अमृत विचार। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शुक्रवार को एसडी रिसोर्ट में 418 जोड़े एक दूजे के हो गए। इसमें हिंदू रीति रिवाज से 384 जोड़ों ने सात जन्मों के फेरे लिए तो 34 मुस्लिम जोड़ों का निकाह कराया गया। इन जोड़ों को योजना के तहत आवश्यक उपहार भेंट किए गए। बेसिक शिक्षा …
संभल, अमृत विचार। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शुक्रवार को एसडी रिसोर्ट में 418 जोड़े एक दूजे के हो गए। इसमें हिंदू रीति रिवाज से 384 जोड़ों ने सात जन्मों के फेरे लिए तो 34 मुस्लिम जोड़ों का निकाह कराया गया। इन जोड़ों को योजना के तहत आवश्यक उपहार भेंट किए गए। बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी ने कार्यक्रम में पहुंच कर नवविवाहित दंपतियों को आशीर्वाद दिया।
एसडी रिसोर्ट में शुक्रवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डीएम मनीष बंसल ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। योजना के तहत ब्लॉक और निकाय क्षेत्र से गरीब और जरूरतमंद चयनित 418 जोड़ों का विवाह कराया। राज्यमंत्री गुलाब देवी ने लोगों का अभिनंदन करते हुए नव विवाहित दंपतियों को शुभकामनाएं दी। डीएम मनीष बंसल ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना अंतर्गत गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले परिवार के बेटियों को शासन द्वारा 51 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत हैं।
जिसमें कन्या को अनुदान के रूप में 35 हजार रुपये खाते में ई-पेमेंट के माध्यम से भेजा गया। इसके साथ 10 हजार रुपये का सामान दिया जाता है। छह हजार रुपये साज सज्जा, खानपान आदि पर खर्च होता है। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ अनामिका यादव, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल, जिलाध्यक्ष ओमवीर सिंह खड़गवंशी, सीडीओ उमेश कुमार त्यागी, जिला समाज कल्याण अधिकारी शैलेंद्र कुमार गौतम आदि रहे।
एक साथ गूंजे मंत्र और आयतें
संभल। भगवंतपुर देवी मंदिर के महंत आचार्य मोहन दुबे की देखरेख में 70 हवन कुंडों के सामने वैदिक मंत्रोच्चारण करके परंपरागत ढंग और विधि विधान से विवाह संपन्न कराया। वहीं काजी ने कुरान ए पाक की आयतों के बीच मुस्लिम जोड़ों का पूरे रीति रिवाज से निकाह संपन्न कराया।
राज्यमंत्री ने उपहार देकर दिया आशीर्वाद
संभल। राज्यमंत्री गुलाब देवी ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना की। राज्यमंत्री ने नवविवाहितों को उपहार भी भेंट किए। इसके साथ ब्लॉक प्रमुख सुगंधा सिंह भी साथ थीं।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : चार बच्चों की मां की संदिग्ध मौत, हत्या का आरोप
