बरेली: कई स्कूलों में बिजली न पानी, छुट्टी के बाद पढ़ाई की तैयारी
अमृत विचार, बरेली। ग्रीष्मकालीन अवकाश समाप्ति की ओर है। दो दिन बाद 16 जून से परिषदीय स्कूल खुलेंगे। इस समय भीषण गर्मी का प्रकोप है। तमाम स्कूलों में बिजली कनेक्शन नहीं है। कुछ जगह बकाया बिल पर स्कूलों के कनेक्शन काटे जा चुके हैं। ऐसे में स्कूल आने वाले बच्चे गर्मी में कैसे पढ़ाई करेंगे। …
अमृत विचार, बरेली। ग्रीष्मकालीन अवकाश समाप्ति की ओर है। दो दिन बाद 16 जून से परिषदीय स्कूल खुलेंगे। इस समय भीषण गर्मी का प्रकोप है। तमाम स्कूलों में बिजली कनेक्शन नहीं है। कुछ जगह बकाया बिल पर स्कूलों के कनेक्शन काटे जा चुके हैं। ऐसे में स्कूल आने वाले बच्चे गर्मी में कैसे पढ़ाई करेंगे। उन्हें दिक्कत होगी, मगर अभी तक जिम्मेदारों ने समस्या निदान की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया है।
चार दिन पहले स्कूल का काट दिया बिजली कनेक्शन
चार दिन पूर्व विद्युत विभाग की टीम ने छापेमारी कर बकाया बिल पर किशोर बाजार स्थित कंपोजिट स्कूल का कनेक्शन काट दिया । वहीं, स्कूल खुलने से पूर्व साफ सफाई कराने प्रधानाचार्य पहुंचे तो उन्हें इसकी जानकारी हुई। स्कूल में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। इन्वर्टर भी है मगर बिजली न होने से वह ठप है। यहां मोटर के सहारे पानी की व्यवस्था है। अब बिजली न होने से बच्चों को पेयजल की समस्या से भी जूझना पड़ेगा। प्रधानाचार्य अरुणेश शर्मा ने नगर शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजकर स्कूल का बिजली कनेक्शन जुड़वाने की मांग की है। इस स्कूल में 350 से ज्यादा बच्चे पंजीकृत हैं।
गर्मी की मार झेलते हैं स्कूली बच्चे
सुभाष नगर स्थित एनई रेलवे प्राथमिक स्कूल में लंबे समय से विद्युत कनेक्शन ही नहीं है। कई बार स्कूल की ओर से कनेक्शन लेने का प्रयास भी किया गया, लेकिन कनेक्शन नहीं हो पाया। कनेक्शन के लिए अधिकारियों से भी कहा गया लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया गया। यहां बच्चों को गर्मी में बगैर पंखे के ही पढ़ाई करनी पड़ती है। ईंट पजाया क्षेत्र स्थित प्राथमिक स्कूल का भी यही हाल है। यहां भी कनेक्शन नहीं है। गर्मी के मौसम में स्कूलों में छात्र संख्या आधे से कम रह जाती है।
विनय कुमार, बीएसए-
सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में बगैर कनेक्शन वाले स्कूलों को चिह्नित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा जिन स्कूलों का बिल का भुगतान होना है, उनका भुगतान भी जल्द करा दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें- बरेेली: व्यापारियों ने अरुण कुमार से की मुलाकात, कैंट विधायक, मेयर और सांसद नहीं पहुंचे
