बरेली: जंक्शन की प्रीमियम पार्किंग में चार घंटे खड़ी कर सकेंगे कार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मोनिस खान, अमृत विचार, बरेली। अगर आप कार लेकर जंक्शन आते हैं और पार्किंग में दिक्कत आ रही है तो जल्द ही राहत मिलने वाली है। मुरादाबाद मंडल रेल प्रशासन जंक्शन पर प्रीमियम कार पार्किंग बनाने पर विचार कर रहा है। अधिकारियों से निर्देश मिलने के बाद कई विभाग इसका खाका तैयार करने में लगे …

मोनिस खान, अमृत विचार, बरेली। अगर आप कार लेकर जंक्शन आते हैं और पार्किंग में दिक्कत आ रही है तो जल्द ही राहत मिलने वाली है। मुरादाबाद मंडल रेल प्रशासन जंक्शन पर प्रीमियम कार पार्किंग बनाने पर विचार कर रहा है। अधिकारियों से निर्देश मिलने के बाद कई विभाग इसका खाका तैयार करने में लगे हुए हैं। मंडल के अधिकारियों ने प्रीमियम कार पार्किंग को लेकर स्थानीय अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है। माना जा रहा रहा है कि जल्द ही जंक्शन पर प्रीमियम कार पार्किंग बनकर तैयार हो जाएगी। सीमित समय के लिए चार पहिया वाहन जंक्शन पर लाने वालों को बड़ी राहत मिलेगी।

मौजूदा समय में प्रीमियम कार पार्किंग की सुविधा मुरादाबाद, हरिद्वार और देहरादून स्टेशन पर ही है। बरेली में पहली बार अधिकारी प्रीमियम कार पार्किंग शुरू करने पर विचार कर रहे हैं। दरअसल प्रीमियम कार पार्किंग में सीमित समय के लिए स्टेशन पर कार पार्क करने की सुविधा होती है। अधिकारियों के मुताबिक चार घंटे तक निर्धारित शुल्क चुकाकर कार पार्क कर सकेंगे। यदि कोई चार घंटे से अधिक समय के लिए कार पार्क करना चाहता है तो उसको अधिक राशि देनी होगी।

आम तौर पर कार या टैक्सी पार्किंग के लिए पूरे 24 घंटे का निर्धारित शुल्क वसूला जाता है। फिर चाहे कुछ घंटे के लिए ही कार क्यों न पार्क करनी हो। मगर प्रीमियम कार पार्किंग में कम समय के लिए कार पार्क करने पर भी 24 घंटे का भुगतान नहीं करना पड़ेगा। मौजूदा वाहन पार्किंग की आगे की लेन में प्रीमियम कार पार्किंग बनाने की बात कही जा रही है। इसके लिए इंजीनियरिंग, कामर्शियल और अकाउंट विभाग मिलकर इसकी रिपोर्ट तैयार कर रहा है। जिसमें पार्किंग के वसूले जाने वाले शुल्क से लेकर निविदा निकालने तक की तमाम शर्तें शामिल होंगी।

जंक्शन पर पार्किंग बनी, मगर नहीं है ठेका
जंक्शन पर सामान्य कार की पार्किंग का भी ठेका नहीं है। पार्किंग के लिए मुरादाबाद मंडल से निविदा निकाली जा चुकी है, मगर बार-बार निविदा निकालने के बावजूद किसी ने दिलचस्पी नहीं दिखाई। पार्किंग का ठेका नहीं होने के बावजूद जंक्शन पर बनी पार्किंग में कारें खड़ी होती हैं। इनमें अधिकतर कर्मचारियों और थोड़े समय के लिए आने वाले यात्रियों के वाहन होते हैं।

सुधीर सिंह, सीनियर डीसीएम, मुरादाबाद रेल मंडल-
स्थानीय अधिकारियों से प्रीमियम कार पार्किंग को लेकर रिपोर्ट मांगी गई है। सप्ताह भर के अंदर रिपोर्ट मिलने के बाद प्रीमियम कार पार्किंग का काम शुरू कर दिया जाएगा। प्रीमियम कार पार्किंग में चार घंटे तक कार खड़ी करने की सुविधा होगी। अगर कोई कम समय के लिए कार पार्क करना चाहता है तो उसके लिए यह सुविधा बेहद राहत देने वाली होगी।

ये भी पढ़ें-बरेली: गरीब कल्याण जनसभा में केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, 8 साल पूरे होने पर हुआ कार्यक्रम

संबंधित समाचार