बिजनौर : बिजली न मिलने से गुस्साए किसानों का हंगामा-तोड़फोड़
नगीना(बिजनौर), अमृत विचार। भीषण गर्मी के बीच क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती से गुस्साए किसानों ने मंगलवार को विद्युत उपखंड कार्यालय पर हंगामा किया। उपखंड कार्यालय में तोड़फोड़ की और बिजली अधिकारियों से तीखी नोकझोंक हुई। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसानों को समझाकर शांत किया। इसके बाद समस्या के समाधान का आश्वासन …
नगीना(बिजनौर), अमृत विचार। भीषण गर्मी के बीच क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती से गुस्साए किसानों ने मंगलवार को विद्युत उपखंड कार्यालय पर हंगामा किया। उपखंड कार्यालय में तोड़फोड़ की और बिजली अधिकारियों से तीखी नोकझोंक हुई। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसानों को समझाकर शांत किया। इसके बाद समस्या के समाधान का आश्वासन मिलने पर किसान लौट गए।
मंगलवार को तिगरी फीडर के अंतर्गत आने वाले ग्राम पुरैनी, सैदपुर, गंगवाली, पखनपुर, नंगली, बसेरा और कुवर समेत अन्य गांवों के किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली व बाइकों से विद्युत उपखंड कार्यालय नगीना पहुंचे। यहां अधिशासी अभियंता से विद्युत कटौती को लेकर वार्ता की। इस दौरान किसानों ने हंगामा करते हुए दफ्तर में रखा सामान तहस-नहस कर दिया। किसानों और ग्रामीणों का कहना था कि लगातार हो रही विद्युत कटौती के कारण उनका जीना दूभर हो गया है। खेतों में खड़ी गन्ने व चारे की फसलें सुखने लगी हैं। जिसके कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन बार-बार शिकायतें करने के बाद भी विद्युत अधिकारी व कर्मचारी सुनने के लिए तैयार नहीं हैं।
किसानों और ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र विद्युत आपूर्ति में सुधार नहीं किया गया तो बिजली उपकेंद्र पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। विद्युत उपखंड कार्यालय पर हंगामे की सूचना पर थाना प्रभारी, सब इंस्पेक्टर अजय सिंह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने विद्युत आपूर्ति से परेशान लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके अलावा विद्युत विभाग के अधिकारी अधिशासी अभियंता व किसानों के बीच वार्ता कराई। वार्ता के दौरान कई बार नोकझोंक भी हुई। अधिशासी अभियंता ने सभी किसानों को आश्वस्त किया कि अगले 24 घंटे में समस्या का समाधान करने की कोशिश की जाएगी। आश्वासन मिलने के बाद किसान और ग्रामीण वापस चले गए।
बिजली कटौती से 24 गांवों के ग्रामीण परेशान
भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती जारी है। जिससे 24 से अधिक गांवों के लोग परेशान हैं। लोगों ने बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की मांग की है। रेहड़ क्षेत्र में हो रही अंधाधुंध विद्युत कटौती और सवेरे से शाम तक चिलचिलाती धूप ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। सोमवार को दिन में चरमराई विद्युत आपूर्ति रात में भी ठप रही, जिसके चलते सोमवार रात ग्रामीण बिलबिलाते रहे। इस बीच पूरी रात मानियावाला विद्युत उप केंद्र पर तैनात जेई का मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ रहा, जबकि लाइनमैन भी शुरू में उपभोक्ताओं के फोन नहीं उठा पाए और बाद में उन्होंने भी अपने मोबाइल स्विच ऑफ कर लिए। मंगलवार दोपहर आपूर्ति सुचारू होते ही लो वोल्टेज के साथ दो-दो मिनट के अंतराल से बार-बार ट्रिपिंग होने लगी। परेशान उपभोक्ताओं ने विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से क्षेत्र की चरमराई विद्युत व्यवस्था में सुधार किए जाने की मांग की है। उधर मानियावाला विद्युत उप केंद्र पर तैनात अवर अभियंता गजेंद्र सिंह का कहना है कि रात्रि में कंट्रोल रूम के आदेश पर ऊपर से ही विद्युत कटौती की जा रही है, जबकि दिन में ओवरलोड के चलते ट्रिपिंग हो रही है। बारिश होने पर ही आपूर्ति एवं लो वोल्टेज में सुधार हो पाएगा।
ये भी पढ़ें : बिजनौर: ट्रेन की चपेट में आकर दो लोगों की मौत
