कुशीनगर : अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हेड कांस्टेबल की मौत, चेकिंग के दौरान हुआ हादसा
कुशीनगर । तरया सुजान थाने पर तैनात हेड कांस्टेबल धर्मवीर यादव (48) की बुधवार को भोर में वाहन चेकिंग के दौरान अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गयी। पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल व एएसपी रितेश कुमार सिंह ने मृत पुलिसकर्मी के परिजनों को ढांढस बंधाया और संकट की इस घड़ी में हर …
कुशीनगर । तरया सुजान थाने पर तैनात हेड कांस्टेबल धर्मवीर यादव (48) की बुधवार को भोर में वाहन चेकिंग के दौरान अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गयी। पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल व एएसपी रितेश कुमार सिंह ने मृत पुलिसकर्मी के परिजनों को ढांढस बंधाया और संकट की इस घड़ी में हर कदम पर उनके साथ होने का भरोसा दिलाया।
एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि अपराध व अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को भोर में संयुक्त पुलिस टीम तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र में जोकवा बाजार के पास फोरलेन पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। घर्मवीर यादव भी इस टीम के सदस्य थे। अज्ञात वाहन ने हेडकांस्टेबल धर्मवीर यादव को ठोकर मार दी।
पुलिसकर्मी उन्हें घायल अवस्था में इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जा रहे थे मगर रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। वह संत कबीरनगर जिले में धनघटा थाना क्षेत्र के निवासी थे। 2005 बैच के सिपाही थे। विभागीय प्रमोशन पाने के बाद हेडकांस्टेबल पद पर तैनात हुए थे।
हादसे की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल पहुंचे परिजन
हादसे की सूचना पर धर्मवीर के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए थे। एसपी व एएसपी ने अफसरों के साथ शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना जतायी और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। साथी पुलिसकर्मी की मौत से महकमे में शोक का माहौल है। एसपी ने घटना को बेहद दुखद करार देते हुए कहा है दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में हमने परिवार के बहादुर सदस्य को खो दिया है।
पुलिस लाइन में दी गयी श्रद्धांजलि
पुलिस लाइन में हेड कांस्टेबल धर्मवीर यादव को दी गयी श्रद्धांजलि एवं अन्तिम विदाई। इस दुखद घटना के कारण जनपद पुलिस द्वारा गहरी शोक संवेदना व्यक्त की गयी तथा पुलिस लाइन में मृतक के शव को पुलिस अधीक्षक कुशीनगर धवल जायसवाल, अपर पुलिस अधीक्षक रितेश कुमार सिंह, समस्त क्षेत्राधिकारी तथा अन्य अधिकारीगण द्वारा शोक सलामी के बाद कंधा दिया गया। इस दौरान वहां मौजूद सभी की आँखें नम रहीं।
यह भी पढ़ें : गोंडा : सड़क दुर्घटना में युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस
