पीलीभीत: हर जिले में खुलेगा कार्यालय और स्टाफ की होगी भर्ती
पीलीभीत, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव यूनियन के सभापति सुरेश गंगवार ने कहा कि समस्त जनपद में पीसीयू के कार्यालय खोले जाएंगे और स्टाफ की भर्ती कराई जाएगी। रिक्तियों की संख्या भी उनकी ओर से भेज दी गई है। सहकारिता सेवा मंडल जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगी। यह बात पीसीयू सभापति ने प्रेसवार्ता के …
पीलीभीत, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव यूनियन के सभापति सुरेश गंगवार ने कहा कि समस्त जनपद में पीसीयू के कार्यालय खोले जाएंगे और स्टाफ की भर्ती कराई जाएगी। रिक्तियों की संख्या भी उनकी ओर से भेज दी गई है। सहकारिता सेवा मंडल जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगी। यह बात पीसीयू सभापति ने प्रेसवार्ता के दौरान कही।
पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में रविवार दोपहर हुई प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि 20 अप्रैल 2021 को सभापति हनुमान प्रसाद तिवारी का कोरोना के चलते देहांत हो गया। इसके बाद वह उन्हें कार्यवाहक सभापति के रूप में कार्य करते रहे। हाल ही में 14 जून को संगठन ने उन्हें सभापति का प्रत्याशी घोषित किया और वह निर्विरोध सभापति निर्वाचित हो गए।
पीसीयू के कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि यह प्रदेश की बड़ी सहकारी संस्थाओं में से एक है। इसका मूल कार्य सरकारी कर्मचारियों और निर्वाचित सहकारी प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण देना है। प्रदेश में पांच बड़े प्रशिक्षण संस्थान हैं। यह अनुदान एवं अंशदान से संचालित होते थे। मगर, पूर्ववर्ती सरकारों ने मदद बंद कर दी। जिससे प्रशिक्षण ठप हो गए थे। अब 1989 से बंद चल रहे प्रशिक्षण चालू कराए जाएंगे। 2016 में संस्था ने सरकारी खरीद में हिस्सेदारी शुरू की और रिकॉर्ड खरीद की।
पीसीयू को कार्यदायी संस्था बनाने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए मुख्यमंत्री व सहकारिता मंत्री से भी मुलाकात करेंगे। जल्द ही केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह से दिल्ली जाकर भेंट करेंगे। उनकी नैतिक जिम्मेदारी है कि जनहित के लिए सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाएं।
शाहजहांपुर रूट पर ट्रेन संचालन न होने से आ रही दिक्कत को लेकर उन्होंने यह आश्वस्त किया वह जब दिल्ली जाएंगे तो इसके लिए रेल मंत्री से भी मुलाकात कर समाधान कराने का प्रयास करेंगे। इस मौके पर भाजपा के क्षेत्रीय नेता रजनीश पांडे, जिला सहकारी विकास संघ के संचालक धीरेंद्र मिश्रा, सभापति पुत्र डा. दक्ष गंगवार आदि मौजूद थे।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: हाईस्कूल में अनुज तो इंटर में पलक ने लहराया परचम
