संभल : खंभे से टकराकर डिवाइडर से टकराई कार, एक की मौत, दो घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। कोतवाली के मोहल्ला विकासनगर में रह रहे फैक्ट्री स्वामी की हरियाणा के बल्लभगढ़ से लौटते समय कार खंभे से टकरा कर डिवाइडर से भिड़ गई। इस हादसे में फैक्ट्री स्वामी की मौत हो गई। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मचा गया। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया …

संभल/चन्दौसी, अमृत विचार। कोतवाली के मोहल्ला विकासनगर में रह रहे फैक्ट्री स्वामी की हरियाणा के बल्लभगढ़ से लौटते समय कार खंभे से टकरा कर डिवाइडर से भिड़ गई। इस हादसे में फैक्ट्री स्वामी की मौत हो गई। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मचा गया। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।

मूलरूप से जनपद बुलंदशहर की तहसील शिकारपुर के गांव काधेपुर निवासी राजीव शर्मा उर्फ राजू (42) पुत्र चंद्र पाल शर्मा यहां विकासनगर में किराए के मकान में अपने पत्नी व पुत्र के साथ रहते थे। राजीव के यहां मोहल्ले में ही बहनोई शैलेष कुमार उपाध्याय रहते हैं। इस कारण कोरोना के बाद से राजीव यहां किराए का मकान लेकर रहने लगे, जबकि राजीव की बल्लभगढ़ हरियाणा में कैमिकल की फैक्ट्री है। उनकी माता विमलेश व पिता चंद्रपाल शर्मा यहां पुत्र के पास रहने आए हुए थे।

राजीव शर्मा का फाइल फोटो

वह अपने माता पिता को बहनोई शैलेष के साथ बल्लभगढ शनिवार किराए की कार से छोड़ने गए थे। वह माता-पिता को छोड़कर बहनोई के साथ कार से चन्दौसी वापस आ रहे थे। कार चालक चला रहा था। रात करीब एक बजे कार अलीगढ़ जनपद की तहसील खैर के गांव सुजानपुर के पास पहुंची तो अचानक चालक को झपकी आ गई। इसी दौरान कार सड़क किनारे खंभे से टकराकर डिवाइडर से भिड़ गई। इससे कार में सवार साले-बहनोई व चालक घायल हो गए। तीनों को घायल देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और खैर के सरकारी अस्पताल ले आई।

बहनोई शैलेष को चोट कम आई थी। यहां प्राथमिक उपचार के बाद राजीव को अलीगढ़ जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। वहीं चालक के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी। यहां भी उपचार के बाद चिकित्सकों ने बाहर जाकर उपचार कराने की सलाह दी। बहनोई शैलेष साले राजीव को रोडवेज की बस से लेकर चन्दौसी के विकासनगर स्थित सुबह 11 बजे घर ले आए। घर आकर राजीव ने चाय पी और बिस्कुट खाया। इस दौरान वह पसलियों में दर्द बताते हुए सोने चला गया।

दोपहर करीब एक बजे पत्नी रुबी ने राजीव को उठाने का प्रयास किया तो वह नहीं उठा, तब उसने मकान स्वामी रिश्तेदारों को सूचना दी। सभी आ गए और आजाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सक के परीक्षण के बाद राजीव को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। विकासनगर स्थित घर पर लोगों का तांता लग गया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटना की जानकारी ली। इस दौरान परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। पुलिस राजीव के शव को परिजनों के सुपुर्द कर चली गई। परिजन राजीव के शव को पैतृक गांव कांधेपुर ले गए।

पत्नी का रो रोकर था बुरा हाल तो पुत्र भी रह रहकर निहार रहा था पिता को
राजीव करीब डेढ वर्ष पूर्व यहां अपने पुत्र को पढ़ाने तथा बहनोई के यहां रहने कारण किराए पर मकान लेकर रहने लगा था। उसकी मृत्यु से पत्नी रुबी का रो-रोकर बुरा हाल था। पति राजीव के शव से लिपटकर रो रही थी, जबकि नौ वर्षीय पुत्र अनंत कुछ समझ पाने की स्थिति में नहीं था और वह लगातार सूनी आंखों से पिता के शव को निहार रहा था। वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम थीं। हर कोई पत्नी रुबी को सात्वांना देने में लगा था। घटना के समय पुत्र अपनी नानी के घर बरेली गया हुआ था। हादसे के बाद उसके मामा यहां तुरंत लेकर आ गए। जब मां रुबी कार से पति राजीव को उनके पैतृक घर कांधेपुर ले जा रही थी। तब रिस्तेदारों के साथ खड़ा अनंत कुछ समझ नहीं पा रहा था, बस रोता हुआ परेशान सा दिख रहा था।

ये भी पढ़ें:- गुजरात में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत

संबंधित समाचार