बरेली: बीडीए ने अवैध रूप से विकसित कॉलोनी के निर्माण किए ध्वस्त
बरेली, अमृत विचार। बिना नक्शा पास कराए अवैध रूप से बनाई जा रही कॉलोनियों पर बीडीए की सख्ती जारी है। सोमवार को भी बीडीए के प्रवर्तन दल ने फन सिटी के पीछे 4000 वर्ग गज में अवैध तरीके से विकसित हो रही कॉलोनी में हुए तमाम निर्माण को ढहा दिया। इस कार्रवाई से उन बिल्डरों …
बरेली, अमृत विचार। बिना नक्शा पास कराए अवैध रूप से बनाई जा रही कॉलोनियों पर बीडीए की सख्ती जारी है। सोमवार को भी बीडीए के प्रवर्तन दल ने फन सिटी के पीछे 4000 वर्ग गज में अवैध तरीके से विकसित हो रही कॉलोनी में हुए तमाम निर्माण को ढहा दिया।
इस कार्रवाई से उन बिल्डरों में खलबली मच गई जो बिना नक्शा पास कराए कालोनियां काटकर आवास बनाने की तैयारी कर रहे हैं। प्राधिकरण के सहायक अभियंता प्रमोद कुमार गुप्ता एवं अवर अभियंता रमन अग्रवाल, सुनील कुमार गुप्ता, हरीश चौधरी एवं प्रवर्तन टीम की मौजूदगी में कार्रवाई की गई।
अभियंता प्रमोद कुमार के अनुसार लोटन सिंह पटेल पुत्र लाला राम द्वारा पीलीभीत बाईपास रोड स्थित फन सिटी के पीछे करीब 4000 वर्ग गज में यह कालोनी विकसित की जा रही थी। इसमें अवैध रूप से प्लाटों की चौहद्दी, साइट ऑफिस एवं मकानों का निर्माण / विकास कार्य कराए जा रहे थे। जिसको ध्वस्त किया गया।
बीडीए के अनुसार उक्त कार्रवाई अवैध कालोनी के विरुद्ध उप्र नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की सुंसगत धाराओं के तहत की गई। बताया कि बरेली विकास क्षेत्र के तहत बिना विकास प्राधिकरण की अनुमति प्राप्त किए कराए गए अनाधिकृत निर्माणों के विरुद्ध प्रभावी रूप से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। इसमें प्राधिकरण स्तर से किसी प्रकार की शिथिलता बरती नहीं जाएगी।
इसे भी पढ़ें- बरेली: रामपुर रोड हाईवे पर कई महीनों से टूटी पड़ी पानी की पाइप लाइन, शिकायत के बाद भी विभाग ने नहीं ली सुध
