बरेली: सिविल लाइंस में ट्रांसफार्मर के पास गैस रिसाव, 1 घंटे तक रही दहशत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सिविल लाइंस में हिंद सिनेमा के पास मंगलवार देर शाम जेसीबी से खोदाई के दौरान पीएनजी की भूमिगत लाइन कट गई। इससे गैस रिसाव होने पर भगदड़ मच गई। धुएं की तरह गैस रिसाव होते देख कारोबारी भी दहशत में आ गए और गैस रिसाव स्थल के पास कई दुकानें बंद कर …

बरेली, अमृत विचार। सिविल लाइंस में हिंद सिनेमा के पास मंगलवार देर शाम जेसीबी से खोदाई के दौरान पीएनजी की भूमिगत लाइन कट गई। इससे गैस रिसाव होने पर भगदड़ मच गई। धुएं की तरह गैस रिसाव होते देख कारोबारी भी दहशत में आ गए और गैस रिसाव स्थल के पास कई दुकानें बंद कर दी गईं।

सूचना पर फायर कर्मी दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने पीएनबी के कार्यालय में फोन कर सूचना देने के साथ गैस रिसाव स्थल के पास लगे ट्रांसफार्मर की सप्लाई बंद करायी। नजदीक खड़े वाहनों को दूर हटाया गया। करीब 1 घंटे तक इस क्षेत्र के लोगों के साथ कारोबारी भी दहशत में रहे।

मेन लाइन से गैस सप्लाई बंद करने पर गैस का रिसाव रुका, तब सभी ने राहत की सांस ली। इस बीच पीएनजी के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने भूमिगत लाइन की मरम्मत का कार्य कराया। इधर करीब 4 घंटे तक आसपास क्षेत्र के घरों में गैस नहीं पहुंचने पर महिलाएं परेशान हो गईं। हालांकि बाद में देर रात गैस सप्लाई शुरू हुई।

घटना हिंद टाॅकीज के पास मंगलवार शाम करीब 7 बजे की है। स्मार्ट सिटी के तहत हो रहे कार्य के चलते सड़क पर खोदाई चल रही है। इसी स्थान पर भूमिगत गैस लाइन जा रही है। मनमाने तरीके से हो रही खोदाई से पीएनजी लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे तेजी से गैस रिसाव होने लगा। तेज आवाज के साथ रिसाव के दौरान गैस धुएं की तरह उड़ी तो भगदड़ मच गई।

गैस लीक होते बोरिंग कर रहे मजदूर भाग गए और आसपास के लोग भी घबरा गए। कुछ देर ही में इलाके में रसोई गैस की महक फैल गई। क्षेत्र में बिजली की सप्लाई बंद कराई गयी। सूचना मिलने पर सीयूजीएल के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। पुलिस और फायर कर्मी बुलाए गए। देर रात 11 बजे के बाद लाइन को जोड़ा गया। उसके बाद गैस की सप्लाई शुरू हुई।

नगर निगम की खोदाई के दौरान पीएनजी की लाइन कट गई थी, जिससे क्षेत्र में गैस का रिसाव हो गया था। कर्मचारियों को मौके पर भेजकर उसे ठीक कराया गया। इस मामले में लापरवाही से खोदाई करने पर कोतवाली में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की हैमंसूर अली, एरिया मैनेजर, सीयूजीएल।

यह भी पढ़ें- बरेली: गोली की घटना को हादसे का रूप देने के मामले में चार पर रिपोर्ट

संबंधित समाचार