मुरादाबाद: मूंढापांडे में घरों में उतरा हाईटेंशन करंट, दो की मौत
मुरादाबाद, अमृत विचार। मूंढापांडे थाना क्षेत्र के मिलक मनकरा गांव में मंगलवार देर रात अचानक घरों में हाईटेंशन करंट उतर गया। करंट की चपेट में आने से दो किसानों की मौत हो गई। हादसे का ठीकरा ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के नशेड़ी लाइन मैन के सिर फोड़ते हुए बुधवार को सुबह मूंढापांडे में जमकर हंगामा …
मुरादाबाद, अमृत विचार। मूंढापांडे थाना क्षेत्र के मिलक मनकरा गांव में मंगलवार देर रात अचानक घरों में हाईटेंशन करंट उतर गया। करंट की चपेट में आने से दो किसानों की मौत हो गई। हादसे का ठीकरा ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के नशेड़ी लाइन मैन के सिर फोड़ते हुए बुधवार को सुबह मूंढापांडे में जमकर हंगामा किया। हालात पर काबू पाने की कोशिश में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
मूंढापांडे थाना क्षेत्र की रहने वाली नीतू के मुताबिक मंगलवार रात करीब डेढ़ बजे पति डोरीलाल पानी पीने कमरे से निकला। वह नल में ही चिपक गया। पति की चीख सुनकर महिला ने शोर मचाया। मौके पर पहुंचे पड़ोस के ओमवीर सैनी की मदद से महिला ने लाठी- डंडे से पति को नल से छुड़ाया। तब तक डोरीलाल गंभीर रूप से झुलस चुका था। मौके पर ही उसकी मौत हो चुकी थी। उधर गांव की ही मंजेश ने बताया कि देर रात पति नन्हूं को पता चला कि बिजली आई है। तब उन्होंने पंखा आन करने के लिए स्वीच दबाया। स्वीच छूते ही वह गंभीर रूप से झुलस गए। पति की मौत मौके पर हो गई।
दोनों पीड़ित महिलाएं ग्रामीणों की भीड़ के साथ बुधवार को थाने पहुंची। महिलाओं को रोते बिखलते देख थाना परिसर व उसके आसपास ग्रामीणो की भीड़ जमा हो गई। पीड़ित महिलाओं ने हल्का के लाइनमैन जगपाल व आलम के खिलाफ मूंढापांडे पुलिस को तहरीर दी। आरोप लगाया कि दोनों लाइनमैन ने टूटे पोल के तार जोड़कर बिना चेक सप्लाई दे दी। लाइनमैनों की चूक के कारण दोनों महिलाओं की जिंदगी उजड़ गई। पीड़ितों ने दोनों लाइनमैन पर शराब पीकर ड्यूटी करने का भी आरोप मढ़ा। ग्रामीणो को समझाने के बाद मूंढापांडे पुलिस ने दोनों शव कब्जे में ले लिया। तहरीर के आधार पर आरोपी लाइन मैन के खिलाफ पुलिस मुकदमा लिखने की तैयारी कर रही है।
ये भी पढ़ें:- रायबरेली: सड़क हादसे में सास बहू समेत तीन की मौत, एक की हालत गंभीर
