कांग्रेस की सरकार में संबल योजना से गरीबों के काटे गए नाम फिर जोड़े जाएंगे: शिवराज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

राजगढ़/गुना। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर संबल योजना से गरीबों का नाम काटे जाने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि जिन गरीबों के नाम संबल योजना से काटे गए हैं, वो एक-एक नाम फिर से जोड़े जाएंगे। चौहान राजगढ़ और गुना में जनसभाओं को संबोधित किया। वे …

राजगढ़/गुना। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर संबल योजना से गरीबों का नाम काटे जाने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि जिन गरीबों के नाम संबल योजना से काटे गए हैं, वो एक-एक नाम फिर से जोड़े जाएंगे। चौहान राजगढ़ और गुना में जनसभाओं को संबोधित किया। वे आज राजगढ़, गुना और ग्वालियर चुनाव प्रचार पर हैं। उन्होंने पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने संबल योजना में नाम काटे थे, वो एक-एक नाम जोड़े जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने राजगढ़ में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि वे दिग्गी राजा से पूछना चाहते हैं कि वे दस साल मुख्यमंत्री रहे और राजगढ़ से सांसद भी रहे, उन्होंने पानी की व्यवस्था क्यों नहीं की। मुख्यमंत्री रहते हुए वे पानी की व्यवस्था नहीं कर पाये और मामा आया तो इस क्षेत्र में मोहनपुरा और कुंडलिया बांध बन गया। एक नहीं अनेक सिंचाई परियोजनाओं का काम चल रहा है। कांग्रेस इस क्षेत्र में पानी की व्यवस्था तक नहीं कर सकी, क्याेंकि कांग्रेस में ही पानी नहीं बचा है, तो जनता को पानी कहां से देती।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने विकास के काम किए हैं, सड़क, सिंचाई, बिजली और पुल-पुलिया बनने के काम हो रहे हैं। राजगढ़ में मेडिकल कॉलेज और 750 बिस्तर का अस्पताल बन रहा है। आईटी भवन, छात्रावास, आदर्श महाविद्यालय जैसी अनेक सौगात भाजपा सरकार ने राजगढ़ को दी हैं। चौहान ने कहा कि प्रदेश में जिन गरीब भाई-बहनों के पास रहने की जमीन नहीं है, उन्हें रहने के लिए भूखण्ड देंगे और आवास निर्माण के लिए योजनांतर्गत धन भी उपलब्ध करायेंगे। कांग्रेसी केवल गरीब गरीब करते रहे, लेकिन गरीबों को निःशुल्क राशन देने का काम केवल भाजपा ने किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी गरीबों के इलाज की चिंता नहीं की, भाजपा ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 5 लाख रुपये तक सरकारी और निजी अस्पतालों में इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित की है। मुख्यमंत्री ने गुना जनसभा में कहा कि श्री कमलनाथ 15 महीने मुख्यमंत्री रहे, लेकिन वह हमेशा विकास के लिए पैसों की कमी का रोना रोते थे और कहते थे कि सरकार का खजाना खाली है। लेकिन भाजपा की सरकार में विकास के लिए पैसो की कमी नहीं है। स्वच्छ और सुंदर शहर बने, इसके लिए खजाना हमेशा खुला है।

वे विकास के लिए नगर पालिका और नगर पंचायत के पास पैसा भेजूंगे, इसलिए अगर भाजपा की नगर पंचायत और नगर पालिका होगी तो पैसा ठीक से खर्चा होगा। वे आप सबको सावधान करने आए हैं कि कहीं कोई चूक ना हो जाए। वे आप सबसे आग्रह करते हैं कि मध्यप्रदेश के समुचित विकास के लिए भाजपा के पार्षद प्रत्याशियों को अपना आशीर्वाद देकर भारी मतों से विजयी बनाइये।

इस अवसर पर सांसद रोडमल नागर, जिला अध्यक्ष दिलबर यादव, जिला प्रभारी वीरेन्द्र राणा, विधायक कुंवर राजवर्धन सिंह, कुंवर कोठार, बद्रीलाल यादव, हरिचरण तिवारी, नारायण सिंह, हजारीलाल डांगी, अमरसिंह यादव, केदार काका सहित जिले के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। गुना जनसभा में जिला अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह, प्रदेश शासन के मंत्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया, सांसद के पी यादव, विधायक गोपीलाल जाटव, रघुनंदन शर्मा, हरिसिंह यादव, राजेन्द्र सलूजा सहित जिले के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

ये ‍भी पढ़ें- आंध्र प्रदेश विधानसभा उपचुनाव: वाईएसआर कांग्रेस ने आत्मकुरु सीट जीता

 


संबंधित समाचार