बरेली: गेहूं-धान खरीद में धांधली करने वाले काट रहे मौज, 66 रिपोर्ट पर गिरफ्तारी एक नहीं
बरेली, अमृत विचार। कुछ वर्षों में गेहूं-धान की खरीद में जमकर धांधली हुई। केंद्र प्रभारियों से लेकर ठेकेदार और बिचौलियों पर बरेली, पीलीभीत, बदायूं और शाहजहांपुर में 66 एफआईआर दर्ज की गईं लेकिन पुलिस की साठगांठ से अभी तक एफआईआर में नामजद लोगों की गिरफ्तारी नहीं हुई। सरकार को राजस्व हानि पहुंचाने के साथ छवि …
बरेली, अमृत विचार। कुछ वर्षों में गेहूं-धान की खरीद में जमकर धांधली हुई। केंद्र प्रभारियों से लेकर ठेकेदार और बिचौलियों पर बरेली, पीलीभीत, बदायूं और शाहजहांपुर में 66 एफआईआर दर्ज की गईं लेकिन पुलिस की साठगांठ से अभी तक एफआईआर में नामजद लोगों की गिरफ्तारी नहीं हुई।
सरकार को राजस्व हानि पहुंचाने के साथ छवि धूमिल करने वाले केंद्र प्रभारी, ठेकेदार और बिचौलिये मौज काट रहे हैं। तत्कालीन मंडलायुक्त ने भी रूचि नहीं दिखाई और पुलिस भी फाइलें दबाए रही। अब इन मामलों का मंडलायुक्त सेल्वा कुमारी जे ने संज्ञान लिया है। मंडलायुक्त ने नामजद केंद्र प्रभारी, ठेकेदार और बिचौलियों को गिरफ्तार कराने के लिए आईजी को चिट्टी लिखी है। जिसमें आईजी से आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कराने के लिए प्रभावी विवेचना कराने को अधिकारियों को निर्देशित करने के लिए कहा गया है।
पुलिस महानिरीक्षक बरेली को लिखी चिट्ठी में मंडलायुक्त ने कहा है कि विगत वर्षों में गेहूं/धान खरीद में अनियमितताएं बरतने वाले केंद्र प्रभारी, ठेकेदार व बिचौलियों के विरुद्ध बरेली में 12, बदायूं में 6, पीलीभीत में 35 और शाहजहांपुर में 13 एफआईआर दर्ज की गईं लेकिन काफी समय बीतने के बाद अभी तक प्रकरणों में विवेचना की कार्रवाई पूरी नहीं हुई। मंडलायुक्त ने आईजी से कहा है कि एफआईआर में दोषियों की गिरफ्तारी कराकर न्यायालय में चार्जशीट दाखिल कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करें।
सबसे ज्यादा अनियमितताएं पीलीभीत में हुई
धान-गेहूं की खरीद में सबसे ज्यादा अनियमितताएं पीलीभीत में हुईं। यहां सख्ती के बावजूद केंद्र प्रभारियों ने सरकार को नुकसान पहुंचाने के साथ छवि भी धूमिल की गई। मंडल में सबसे ज्यादा एफआईआर पीलीभीत में हुईं। यहां अनियमितताओं पर 35 रिपोर्ट दर्ज की गईं।
यह भी पढ़ें- बरेली: मौलाना तौकीर रजा के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पंडित सुशील पाठक ने कुछ ही घंटों में खत्म किया आमरण अनशन
