अयोध्या: स्कूल में लंच के दौरान टूटा झूला, बच्चे की मौत, दो घायल
अयोध्या। स्कूल में लंच के दौरान झूला टूट जाने के कारण आठ वर्षीय एक छात्र की मौत हो गई, जबकि 10-10 वर्ष के दो बच्चे घायल हो गए। घायल बच्चों को तत्काल सोहावल सीएचसी भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को अयोध्या स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते …
अयोध्या। स्कूल में लंच के दौरान झूला टूट जाने के कारण आठ वर्षीय एक छात्र की मौत हो गई, जबकि 10-10 वर्ष के दो बच्चे घायल हो गए। घायल बच्चों को तत्काल सोहावल सीएचसी भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को अयोध्या स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। साथ ही विद्यालय के प्रबंधक से भी पूछताछ की है।
मामला थाना पूराकलंदर थाना क्षेत्र के भाईपुर स्थित आर एन शिक्षण संस्थान का है। गर्मी की छुट्टियों के बाद शुक्रवार को पहले दिन स्कूल खुला था। लंच में बच्चे खेलने को निकले। इस दौरान भाईपुर गांव निवासी कक्षा दो के छात्र अमर कुमार वर्मा (8) पुत्र विजय कुमार वर्मा, कक्षा तीन के छात्र समर वर्मा (10) पुत्र संजय वर्मा, उमंग वर्मा (10) पुत्र कृपाराम वर्मा बैठकर झूला झूल रहे थे।
अचानक झूला टूट गया और तीनों छात्र घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पूराकलंदर थाना प्रभारी राजेश सिंह मौके पर पहुंचे और घायल बच्चों को सोहावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान अमर कुमार वर्मा को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची थाना रौनाही की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
शेष घायलों का इलाज अयोध्या के निजी चिकित्सालय में चल रहा है, जिनकी हालत स्थित बताई जा रही है। इधर, क्षेत्राधिकारी अयोध्या डॉ राजेश तिवारी व खंड शिक्षा अधिकारी तारकेश्वर पांडे भी मौके पर पहुंचे और प्रत्येक पहलू की जांच की। बताया कि विद्यालय एक से पांच तक संचालित है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
अभिभावकों ने झूले को बताया मानकविहीन
कई अभिभावकों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि स्कूल में लगा झूला मानकविहीन है, जिसे देखने से ही डर लगता था। क्षेत्राधिकारी राजेश तिवारी ने कहा मामले की जांच की जा रही है। झूले के मानकविहीन होने वाली बातों को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभाग को लिखा गया है।
पढ़ें-बहराइच: पेड़ पर गिरी आकाशीय बिजली, नीचे खड़े एक मासूम की मौत, दो घायल
