मुरादाबाद : रामपुर के कपड़ा कारोबारी को गोली मारकर बदमाशों ने 73 हजार रुपये लूटे, हालत नाजुक
मुरादाबाद,अमृत विचार। रामपुर के रहने वाले एक कपड़ा कारोबारी को दिन दहाड़े गोली मारकर बदमाशों ने करीब 73 हजार रुपये उससे लूट लिया। दुस्साहसिक घटना कटघर थाना क्षेत्र में काशीपुर दोराहे के समीप अंजाम दी गई। घायल कारोबारी का इलाज मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। कारोबारी की हालत बेदह नाजुक बताई …
मुरादाबाद,अमृत विचार। रामपुर के रहने वाले एक कपड़ा कारोबारी को दिन दहाड़े गोली मारकर बदमाशों ने करीब 73 हजार रुपये उससे लूट लिया। दुस्साहसिक घटना कटघर थाना क्षेत्र में काशीपुर दोराहे के समीप अंजाम दी गई। घायल कारोबारी का इलाज मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। कारोबारी की हालत बेदह नाजुक बताई जा रही है। लूटपाट की वारदात अंजाम देकर फरार बदमाशों की तलाश जारी है। सीसीटीवी फुटेज व घटना स्थल के समीप मौजूद लोगों से पूछताछ करते हुए पुलिस लुटेरों को दबोचने की कोशिश में जुटी है। हालांकि वारदात के घंटों बाद भी बदमाशों को कोई सुराग पुलिस को नहीं मिल सका था। गोली मारकर दिनदहाड़े लूट की घटना से मुरादाबाद में दशहत का माहौल है।

रामपुर के रहने वाले शावेज के मुताबिक उसका बड़ा भाई दानिश पुत्र अंसार निवासी डूमेला रोड थाना गंज कपड़ों की सिलाई का काम करता है। बुर्का सिलने में दानिश सिद्धहस्त है। उसका कारोबार मुरादाबाद तक फैला है। मुरादाबाद में होल सेल कारोबारियों से वह कपड़े खरीदता है। शनिवार को करीब दो बजे होलसेल कारोबारी के बकाए का भुगतान करने वह घर से मुरादाबाद रवाना हुआ। तब दानिश की जेब में करीब 73 हजार रुपये थे। बाइक सवार बुर्का कारोबारी दलपतपुर जीरो प्वाइंट से होते हुए मुरादाबाद की तरफ बढ़ा।
काशीपुर दोराहे से करीब दो सौ मीटर पहले सूर्यांश पब्लिक स्कूल के सामने वह पहुंचा था। तभी बाइक सवार दो बदमाश पीछा करते उसके करीब पहुंचे। उन्होंने दानिश से बाइक रोकने को कहा। अनहोनी की आशंका के कारण बाइक रोकने की बजाय दानिश आगे बढ़ा। तब बदमाशों ने दानिश को निशाना बनाकर तमंचे से फायर झोंक दिया। सीने के ठीक नीचे गोली लगने से दानिश जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद दानिश की जेब में रखे रुपये सरेराह लूट कर बदमाश फरार हो गए। बुर्का कारोबारी से सरेराह लूटपाट की घटना की खबर कटघर पुलिस को मिली। पुलिस मौके पर पहुंची। घायल दानिश को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार बाद चिकित्सकों ने दानिश को हायर सेंटर रेफर कर दिया। दानिश का उपचार हरिद्वार हाईवे स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है। उसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
एसएसपी हेमंत कुटियाल ने कहा कि कपड़ा कारोबारी की हालत नाजुक है। वह बयान देने की स्थिति में नहीं है। छानबीन में बुर्का कारोबारी को गोली मारकर उससे 73 हजार रुपये की लूटे जाने की घटना प्रकाश में आई है। बदमाशों तक पहुंचने के प्रयास में पुलिस घटना स्थल व इसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने में जुटी है। लुटरों को जल्द ही गिरफ्तार करते हुए लूट की घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : सहायक नगर आयुक्त और तीन कर अधीक्षक का दूसरे जिले में तबादला
