सुल्तनापुर: पुलिस मुठभेड़ में डबल मर्डर के आरोपित गिरफ्तार, प्रेम प्रसंग में हुई थी मां-बेटी की हत्या
सुल्तानपुर। पांच दिन पहले घनी आबादी के बीच दिनदहाड़े मां-बेटी हत्याकांड में पुलिस ने शनिवार की देर रात कामयाबी हासिल की है। पड़ोस के अम्बेडकरनगर जिले के दो बदमाशों समेत तीन लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया है। आलाकत्ल की निशानदेही के लिए ले जाने के दौरान एक बदमाश ने भागने की कोशिश के दौरान …
सुल्तानपुर। पांच दिन पहले घनी आबादी के बीच दिनदहाड़े मां-बेटी हत्याकांड में पुलिस ने शनिवार की देर रात कामयाबी हासिल की है। पड़ोस के अम्बेडकरनगर जिले के दो बदमाशों समेत तीन लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया है। आलाकत्ल की निशानदेही के लिए ले जाने के दौरान एक बदमाश ने भागने की कोशिश के दौरान पुलिस पर फायर किया। पुलिस ने भी गोली चलाई। जिसमें बदमाश – सिपाही जख्मी हो गया है। वारदात की वजह विवाहिता के साथ आशनाई बताई जा रही है।
बीते मंगलवार की अपरान्ह करीब साढ़े चार बजे स्टेशन रोड निवासी राम सुख मौर्य के घर मे घुसकर उसकी पत्नी शकुंतला व बेटी विजय लक्ष्मी की निर्मम हत्या कर दी गई थी। शनिवार को भदैया पुल के पास संदिग्ध अवस्था मे तीन लोगों को पुलिस ने पकड़ा। पुलिस को देखकर वे भागने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान पुलिस ने घेराबंदी करके उन्हें पकड़ लिया। पकड़े गए बदमाशों में लम्भुआ निवासी शाहबाज, अम्बेडकरनगर जिले के निवासी इरफान व शादान (दोनों सगे भाई) शामिल हैं।
पूछताछ के दौरान इरफान ने आलाकत्ल बरामदगी की बात बताई तो पुलिस ने दोनों को कोतवाली में बैठाया। रात करीब साढ़े आठ बजे इरफान को लेकर पुलिस लम्भुआ- दुर्गापुर रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग के नजदीक पहुची। इरफान ने इस दौरान हेड कॉन्स्टेबल शैलेन्द्र प्रताप सिंह पर फायर झोंक दिया। गोली के छर्रे शैलेन्द्र के कंधे पर जा लगे। अन्य मौजूद पुलिसकर्मियों ने इरफान को भागने से रोकने के लिए गोली चलाई तो वह उसके पैर में जा लगी। रात करीब नौ बजे पुलिस जख्मी बदमाश-सिपाही को लेकर सीएचसी पहुंची।
एसपी सोमेन वर्मा ने बताया कि आलाकत्ल बरामद कर लिया गया है। खून से सने कपड़े भी मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, विवाहिता के इरफान के साथ सम्बन्धों को लेकर परिवार के लोग सहमत नहीं थे। इससे तकरीबन एक साल से परिवार में कलह की स्थिति बनी रहती थी। बेटी के कत्ल के दौरान मां के पहुंच जाने की वजह से हत्यारों ने उसे भी मार डाला था। एसपी ने बताया कि पुलिस टीम को 25 हजार रूपये का इनाम दिया जायेगा।
