मुरादाबाद : 32 बोर के तमंचे से कारोबारी को मारी थी गोली
मुरादाबाद,अमृत विचार। रामपुर के कपड़ा कारोबारी दानिश को बदमाशों ने 32 बोर के तमंचे से गोली मारी। गोली कारोबारी का सीना छलनी करते हुए बाएं हाथ में फंसी थी। रविवार को निजी अस्पताल में गोली निकाल दी गई। कारोबारी की हालत नाजुक है। उधर, घटनास्थल पर 32 बोर का तमंचा फेंक फरार हुए बदमाशों की …
मुरादाबाद,अमृत विचार। रामपुर के कपड़ा कारोबारी दानिश को बदमाशों ने 32 बोर के तमंचे से गोली मारी। गोली कारोबारी का सीना छलनी करते हुए बाएं हाथ में फंसी थी। रविवार को निजी अस्पताल में गोली निकाल दी गई। कारोबारी की हालत नाजुक है। उधर, घटनास्थल पर 32 बोर का तमंचा फेंक फरार हुए बदमाशों की पहचान करने की कोशिश में रविवार को कटघर पुलिस जुटी रही। मुरादाबाद से रामपुर तक दर्जनों सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले गए पर ठोस सुराग नहीं लगा।
कटघर स्थित रामपुर बाइपास रोड पर शनिवार की दोपहर तीन बजे रामपुर के कपड़ा कारोबारी दानिश को बदमाशों ने गोली मारी थी। दानिश के भाई शाहवेज ने देर रात कटघर थाने में तहरीर देकर बताया कि बदमाशों ने लूट की नीयत से वारदात को अंजाम दिया। गोली मारकर भाई की जेब में रखे 73 हजार बदमाश ले गए। कुछ देर बाद घटनास्थल पहुंचे कटघर थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने बताया कि घायल दानिश के ठीक बगल में 32 बोर का एक तमंचा मिला। दानिश ने बताया कि गोली मारकर बदमाश घटनास्थल पर ही तमंचा फेंक फरार हो गए।
बदमाशों की बाइक की पहचान करने में पुलिस विफल
दानिश के मुताबिक हमलावर भूरे रंग की होंडा साइन बाइक पर सवार थे। घायल को जिला अस्पताल भेजने के बाद पुलिस बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी। कटघर सीओ अनूप कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने रामपुर बाइपास रोड के दोनों तरफ लगे दो दर्जन सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की। सूर्यांश पब्लिक स्कूल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में दानिश व उसकी बाइक कैद मिली, लेकिन बदमाशों की बाइक की पहचान करने में पुलिस विफल रही। दानिश ने बताया कि बदमाश रामपुर से पीछा कर रहे थे। दावे की तहकीकात के लिए रविवार को काशीपुर दोराहा चौकी प्रभारी पंकज रामपुर पहुंचे। बताए गए पते के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के वीडियो फुटेज खंगाला।
फायर ऑफ एंगल और बयान में विरोधाभास
रविवार को एसओजी के अलावा कटघर थाना प्रभारी आरपी शर्मा भी कांठ रोड स्थित निजी अस्पताल पहुंचे। वहां घायल से पूछताछ की। घटनास्थल पर पहुंच पुलिस ने घायल को वीडियो कॉल किया। वहां से बदमाशों की गतिविधि व घटना के तौर तरीके के बाबत पूछताछ की। हालांकि पूछताछ में कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा। थाना प्रभारी ने बताया कि कारोबारी की हालात गंभीर है। घटना को लेकर बयानों में विरोधाभास है। फिर भी लूट मानकर ही वारदात की तफ्तीश पुलिस कर रही है। प्रकरण में अभियोग दर्ज कर लिया गया है।
लुटेरों के तमंचे ने चौंकाया
गोली मारने में लुटेरों ने जिस असलहे का इस्तेमाल किया, उसे देख पुलिस भी चौंक गई। पुलिस के मुताबिक हाल में मुरादाबाद व इसके आसपास के जिलों में लूटपाट के दौरान बदमाशों ने सिर्फ 315 बोर के तमंचे का इस्तेमाल किया। कपड़ा कारोबारी को गोली मारने की पहली घटना ऐसी प्रकाश में आई, जिसमें 32 बोर की पिस्टल का इस्तेमाल हुआ है। पुलिस के मुताबिक शातिर व सिद्धहस्त बदमाश वारदात अंजाम देने के बाद अपना तमंचा छोड़ता नहीं है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : 10 दिनों में कटघर के तीन चौकी प्रभारी लाइन हाजिर
