मुरादाबाद: एमडीए के पूर्व कार्यालय अधीक्षक के खिलाफ गबन का मुकदमा
मुरादाबाद, अमृत विचार। विकास प्राधिकरण मुरादाबाद में एक बार फिर बड़ा खेल उजागर हुआ है। एमडीए के अभिलेखों से छेड़छाड़ करते हुए नियुक्ति से संबंधित महत्वपूर्ण पत्रावली के गायब होने की घटना महानगर की सुर्खियों में है। एमडीए लिपिक की तहरीर पर मझोला पुलिस ने तत्कालीन कार्यालय अधीक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस …
मुरादाबाद, अमृत विचार। विकास प्राधिकरण मुरादाबाद में एक बार फिर बड़ा खेल उजागर हुआ है। एमडीए के अभिलेखों से छेड़छाड़ करते हुए नियुक्ति से संबंधित महत्वपूर्ण पत्रावली के गायब होने की घटना महानगर की सुर्खियों में है। एमडीए लिपिक की तहरीर पर मझोला पुलिस ने तत्कालीन कार्यालय अधीक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस घटना की तह तक जाने में जुट गई है।
एमडीए लिपिक राधेश्याम ने तहरीर देकर पुलिस को बताया कि रघुवीर सिंह को एमडीए के औद्यानिक कार्यों के अभियोजक कंसल्टेंट पद पर नियुक्त किया गया था। उनकी नियुक्ति से संबंधित पत्रावली कार्यालय में रखी थी। तब कार्यालय अधीक्षक के पद पर करन सिंह कार्यरत थे। उनकी ही निगरानी में नियुक्ति से संंबंधित पत्रावली रखी गई। महीनों पहले रघुवीर सिंह की नियुक्ति पत्रावली की तलाश शुरू की।
अथक कोशिश के बाद भी नियुक्ति पत्रावली हाथ नहीं लगी। ऐसे में लिपिक ने जानबूझ कर पत्रावली को गबन करने का आरोप पूर्व कार्यालय अधीक्षक पर लगाया। गंभीर आरोपों के मद्देनजर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी धनंजय सिंह ने बताया कि रिटायर्ड कार्यालय अधीक्षक करन सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 409 के तहत केस दर्ज किया गया है।
ये भी पढ़ें:- बिजनौर: जयंत चौधरी का BJP पर हमला, बोले- अग्निपथ तो अमिताभ की फिल्म का नाम होता था
