मुरादाबाद : उप्र पुलिस को 100 दिन में मिलेंगे 152 नए घोड़े

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। घुड़सवारों की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद शासन की नजर अब घोड़ों की खरीद पर टिकी है। यूपी पुलिस ने 100 दिनों में 152 नए घोड़े खरीदने का लक्ष्य निर्धारित किया है। घोड़ा खरीद प्रक्रिया के पहले चरण में शासन ने मुरादाबाद पीटीसी के एडीजी रवि जोसफ लोक्कू के नेतृत्व में बेहतरीन …

मुरादाबाद,अमृत विचार। घुड़सवारों की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद शासन की नजर अब घोड़ों की खरीद पर टिकी है। यूपी पुलिस ने 100 दिनों में 152 नए घोड़े खरीदने का लक्ष्य निर्धारित किया है। घोड़ा खरीद प्रक्रिया के पहले चरण में शासन ने मुरादाबाद पीटीसी के एडीजी रवि जोसफ लोक्कू के नेतृत्व में बेहतरीन नस्ल के घोड़ों की खरीद के लिए पांच सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। इसमें शामिल तीन सदस्य फिलहाल मुरादाबाद में तैनात हैं।

उत्तर प्रदेश की माउंटेड पुलिस लंबे समय से नए घोड़ों की कमी महसूस कर रही है। वर्तमान में पुलिस के बेड़े में अधिकांश देशी नश्ल के घोड़े हैं। विदेशी अथवा थारो नश्ल के घोड़ों की संख्या घटकर 14 रह गई है। इनमें से दो घोड़े लखनऊ पुलिस के पास हैं। 12 घोड़े पुलिस अकादमी की अश्वशाला में हैं। विशेषज्ञ बताते हैं कि देशी नश्ल के घोड़ों का उपयोग पुलिस महज पेट्रोलिंग में करती है।

खेल प्रतियोगिताओं को जीतने में विदेशी नश्ल के घोड़े मददगार होते हैं। यूपी पुलिस के बेड़े में विदेशी नश्ल के घोड़ों की सीमित संख्या चिंता का सबब बन गई है। घोड़ों की दरकार तब शिद्दत से महसूस की जाने लगी, जब शासन ने वर्ष 2022 में 85 घुड़सवारों की भर्ती प्रक्रिया पूरी की। हाल के दिनों में मुरादाबाद समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों में तैनात की गई घुड़सवार पुलिस के पास पर्याप्त घोड़े नहीं हैं। शासन ने भी घोड़ों की कमी महसूस की। प्रतिफल रहा कि 100 दिनों के भीतर 152 घोड़े खरीदने की कार्ययोजना तैयार की गई।

दो करोड़ 96 लाख रुपये से होगी घोड़ों की खरीद
शासन ने घोड़ों की खरीद के लिए दो करोड़ 96 लाख रुपये अवमुक्त किए हैं। तय धनराशि से 30 घोड़े थारो अथवा क्रास ब्रीड नश्ल के खरीदे जाएंगे। इन घोड़ों का उपयोग सिर्फ खेल में होगा। सामान्य ड्यूटी के लिए 122 घोड़ों की खरीद होगी। घोड़ों की खरीद प्रक्रिया पूरी करने के लिए शासन ने पीटीसी के एडीजी के नेतृत्व में पांच सदस्यी टीम का गठन किया है। टीम के अन्य चार सदस्यों में एसपी सिंह, वित्त नियंत्रक, पुलिस मुख्यालय, लखनऊ, विजय दुल, पुलिस अधीक्षक, पुलिस अकादमी, अक्षय कुमार वेटेनरी आफीसर व प्रेम बाबू निरीक्षक घुड़सवार पुलिस, पुलिस अकादमी शामिल हैं।

तय मानक के तहत की जाएगी घोड़ों की खरीद
अच्छे नस्ल के घोड़े अथवा घोड़ी की खरीद मानक के तहत होगी। शासन ने खरीद प्रक्रिया का निर्धारण करते हुए घोड़े खरीदने का आदेश दिया है। घोड़ों की आयु सात वर्ष से अधिक नहीं होगी। ऊंचाई कम से कम 58 इंच होगी। गर्भवती घोड़ी की खरीद नहीं की जाएगी। शासन द्वारा गठित टीम ने प्रक्रिया पूरी करने के लिए घोड़े देखना शुरू कर दिया है। टीम की नजर पहले विदेशी नस्ल के घोड़ों की खरीद पर टिकी है। विदेशी नस्ल के घोड़े खरीदने की चाह में टीम आन लाइन उपलब्ध घोड़ों पर भी नजर दौड़ा रही है। हालांकि टीम को इसमें कोई खास सफलता नहीं मिली है। ऐसे में मेरठ, दिल्ली व हरियाणा में मौजूद घोड़ों की खरीद बिक्री से संबंधित संस्थाओं से संपर्क साधना टीम ने शुरू कर दिया है।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : नगर निगम बोर्ड की बैठक फिर टली, विपक्षी पार्षदों ने लगाया मनमानी का आरोप

संबंधित समाचार