मुरादाबाद : बंद कमरे से चार लाख की नगदी समेत बीस लाख की चोरी, जांच में जुटी पुलिस
मुरादाबाद,अमृत विचार। महानगर के गलशहीद थाना क्षेत्र में एक मकान के बंद कमरे में रखी आल्मारी के तिजोरी से चार लाख रुपये नगदी समेत करीब 20 लाख रुपये के जेवरात चोरी होने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। चौंकाने वाली बात यह है कि चोरों ने बगैर ताला तोड़े लाखों की चोरी की घटना …
मुरादाबाद,अमृत विचार। महानगर के गलशहीद थाना क्षेत्र में एक मकान के बंद कमरे में रखी आल्मारी के तिजोरी से चार लाख रुपये नगदी समेत करीब 20 लाख रुपये के जेवरात चोरी होने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। चौंकाने वाली बात यह है कि चोरों ने बगैर ताला तोड़े लाखों की चोरी की घटना को अंजाम दिया है। संदेह के आधार पर गलशहीद पुलिस पीड़ित के परिजनों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल चोरी हुए जेवरात व नगदी के बावत कोई ठोस जानकारी पुलिस को नहीं मिली है।
गलशहीद थाना क्षेत्र में असालतपुरा के रहने वाले मुहम्मद सुहेल के मुताबिक घर के समीप ही वह एक इलेक्ट्रानिक की दुकान चलाकर परिवार का भरण पोषण करते हैं। व्यवसायी ने मुनाफे की रकम एकत्र कर पत्नी के लिए करीब 16 लाख रुपये मूल्य के जेवरात बनवाया। इसके अलावा व्यवसायी के पास चार लाख रुपये नगदी भी थे। दस दिन पहले व्यवसायी की पत्नी आफरीनाज को प्रसव पीड़ा हुई। तब सुहेल ने पत्नी को अस्पताल में भर्ती करा दिया।
आफरीनाज इस वक्त भी अस्पताल में ही है। लगातार सात दिनों तक पत्नी समेत अस्पताल में रात गुजारने के बाद बीते तीन दिनों से व्यवसायी घर सोने लगा। पत्नी को जब अस्पताल से डिस्चार्ज कराने की जरूरत पड़ी, तब रुपये निकालने के लिए व्यवसायी ने अपनी लोहे की आलमारी का लाकर खोला। तिजोरी खोलते ही व्यवसायी के होश फाख्ता हो गए। सुहेल के मुताबिक नगदी समेत पत्नी के पूरे जेवरात लाकर से चोरी थे। घटना से हतप्रभ व्यवसायी ने चोरी की सूचना गलशहीद पुलिस को दी।
सीओ कटघर अनूप कुमार व गलशहीद थाना प्रभारी दलपत सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी ने बताया कि घर से बाहर रहने के दौरान सुहेल अपने कमरे के दरवाजे पर ताला जड़ा रहता था। न तो ताला टूटा और न ही तिजोरी तोड़ी गई। फिर भी नगदी व जेवरात चोरी होने का दावा किया जा रहा है। पीड़ित के परिजनों से पुलिस पूछताछ कर रही है। चोरी की घटना का जल्द ही पुलिस पर्दाफाश करेगी।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : विद्युत विभाग में अवर अभियंता बने विशाल राठौर, विधान परिषद सदस्य गोपाल अंजान ने दी बधाई
