बरेली: महिला अस्पताल में चार बाल रोग विशेषज्ञ, जिला अस्पताल में सिर्फ एक के भरोसे बच्चे
अमृत विचार, बरेली। जिले में डॉक्टरों की कमी से मरीजों का इलाज प्रभावित हो रहा है। हाल ही में शासन की ओर से बड़ी संख्या में डॉक्टरों के तबादले के बाद मरीजों के इलाज का संकट और बढ़ गया है। सबसे अधिक परेशानी जिला महिला और पुरुष अस्पताल को उठानी पड़ रही है। जिला महिला …
अमृत विचार, बरेली। जिले में डॉक्टरों की कमी से मरीजों का इलाज प्रभावित हो रहा है। हाल ही में शासन की ओर से बड़ी संख्या में डॉक्टरों के तबादले के बाद मरीजों के इलाज का संकट और बढ़ गया है। सबसे अधिक परेशानी जिला महिला और पुरुष अस्पताल को उठानी पड़ रही है। जिला महिला अस्पताल से दो डॉक्टर एक सर्जन और एक फिजिशियन का तबादला हो गया है, लेकिन यहां दूसरे जनपदों से कोई डॉक्टर नहीं भेजा गया है।
अब यहां भर्ती होने वाली गर्भवतियों की डिलीवरी और ऑपरेशन का जिम्मा सिर्फ दो महिला डॉक्टरों पर है। प्रबंधन के अनुसार जिला महिला अस्पताल में शासन की ओर से डॉक्टरों के कुल 16 पद स्वीकृत हैं, लेकिन सिर्फ 10 डॉक्टर तैनात हैं। इन डॉक्टरों में ही मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका भी शामिल हैं। प्रबंधन के अनुसार जिला महिला अस्पताल में चार बाल रोग विशेषज्ञ तैनात हैं, लेकिन यहां दो डॉक्टरों की ही जरूरत है। एक की ड्यूटी एसएनसीयू और दूसरा डॉक्टर ओपीडी में मरीज देख सकता है। वहीं जिला अस्पताल में रोजाना 100 से 150 तक बच्चे इलाज के ओपीडी में आते हैं, लेकिन यहां सिर्फ एक बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती है, ऐसे में कई बार डॉक्टर एनआरसी और बच्चा वार्ड में भर्ती बच्चों को भी देखने चले जाते हैं। इस कारण ओपीडी में आए बच्चों को इलाज के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है। जिला अस्पताल में डॉक्टरों के 46 पद स्वीकृत हैं लेकिन 23 पदों पर ही डॉक्टरों की तैनाती है।
डा. अलका शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका, जिला महिला अस्पताल-
हाल ही में हुए तबादलों में दो डॉक्टर दूसरे जनपद चले गए हैं, जिस कारण अब दो स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ ही बचे हैं। इनके स्थान पर बाल रोग विशेषज्ञों को स्थानांतरित करना चाहिए था। चूंकि, अस्पताल में दो बाल रोग विशेषज्ञों की ही जरूरत है, लेकिन चार की तैनाती है।
