Bareilly: 25 मिनट पहले आई बेंगलुरू फ्लाइट...बढ़ने लगी यात्रियों की संख्या

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। इंडिगो की फ्लाइट के परिचालन में सुधार हुआ है, जो फ्लाइट पहले निर्धारित समय से देरी से आ रही थीं, वही अब पहले पहुंच रही हैं। शनिवार को बेंगलुरू की फ्लाइट बरेली एयरपोर्ट पर अपने निर्धारित समय से 25 मिनट पहले पहुंच गई। इससे बरेली मंडल और कुमाऊं मंडल में जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिली।

फ्लाइट के समय में सुधार से यात्रियों की संख्या भी बढ़ रही है। ठंड बढ़ने पर लोगों ने दूर का सफर ट्रेनों से करने से दूरी बनानी शुरू कर दी है। यही वजह है कि बरेली से बेंगलुरू और मुंबई जाने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बरेली एयरपोर्ट अथॉरिटी के एक अधिकारी के अनुसार शनिवार को बेंगलुरू-बरेली फ्लाइट अपने निर्धारित समय 2:20 बजे से पहले 1:55 बजे बरेली पहुंच गई। 

वहीं बरेली से उड़ान भरने का समय 2:55 बजे का है। यहां से भी महज नौ मिनट की देरी से फ्लाइट बेंगलुरू के लिए उड़ गई। बेंगलुरू से 144 यात्री बरेली आए तो बरेली से 187 यात्री बेंगलुरू गए, जबकि दो दिन पहले बेंगलुरू से बरेली आने वाले यात्रियों की संख्या 116 और जाने वालों की संख्या 158 थी। अधिकारियों ने बताया कि इंडिगो ने परिचालन में काफी सुधार किया है। बरेली एयरपोर्ट पर तैनात इंडिगो के अधिकारी-कर्मचारी पहले से ज्यादा सक्रियता से कार्य कर रहे हैं।

कोहरे में विलंब से फ्लाइट के आने की स्थिति से निपटने को किया अभ्यास
 बरेली एयरपोर्ट (सिविल एन्क्लेव) पर शनिवार को कोहरे की स्थिति से निपटने के लिए एयरपोर्ट निदेशक अवधेश अग्रवाल के नेतृत्व में हितधारकों के साथ अभ्यास किया गया। कार्यक्रम में एयरपोर्ट पर कार्यरत विद्युत, सिविल, प्रचालन, इंडिगो एयरलाइंस के कर्मचारी और सुरक्षा यूनिट के कर्मचारी शामिल हुए। 

कर्मचारियों ने अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों के अनुरूप कोहरे में विलंब से आने वाले हवाई जहाज के कारण एयरपोर्ट पर उत्पन्न व्यवधान असुविधा से निपटने के लिए क्या-क्या कार्य किए जाने हैं, उनका अभ्यास किया। अभ्यास के बाद निदेशक ने एजेंसियों के साथ समीक्षा बैठक की और सुधारात्मक उपायों को अपनाने पर जोर दिया।

संबंधित समाचार