लखीमपुर-खीरी: उमस भरी गर्मी में घंटों बिजली कटौती, लोग सड़कों पर टहलकर गुजार रहे रात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। उमस भरी गर्मी के बीच बुधवार की रात शहरवासियों को बिजली ने खूब रुलाया। आठ घंटे में पांच बार बिजली आई और गई। आधा घंटे से अधिक बिजली गायब होने से शहरवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। भीषण उमस भरी गर्मी के कारण लोगों की नींद उड़ गई। लोग छत, …

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। उमस भरी गर्मी के बीच बुधवार की रात शहरवासियों को बिजली ने खूब रुलाया। आठ घंटे में पांच बार बिजली आई और गई। आधा घंटे से अधिक बिजली गायब होने से शहरवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। भीषण उमस भरी गर्मी के कारण लोगों की नींद उड़ गई। लोग छत, गली और सड़कों पर टहलकर बिजली आने का इंतजार करते रहे। यह बिजली कटौती आधे से अधिक शहर में जारी रही।

जिले में हफ्ते भर पहले दो दिन बारिश हुई थी। इसके बाद से मौसम साफ हो गया था। इन दिनों बारिश न होने से भीषण गर्मी पड़ रही है। भारी उमस के कारण पशु-पक्षी भी बेहाल हो रहे हैं। ऐसे में बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बुधवार को दिन से ही बिजली व्यवस्था बेपटरी हो गई थी। कलक्ट्रेट के पास बिजली का तार टूट गया था, जिससे कलेक्ट्रेट कार्यालय, शाहपुरा कोठी, जिला पंचायत कार्यालय सहित कई मोहल्लों की बिजली गुल हो गई थी। इससे करीब दो दिन पहले लगातार करीब 14 घंटे बिजली गायब रही थी, जिससे लोग मोटर और समरसेबल न चलने से इस भीषण गर्मी में बूंद बूंद पानी को तरस गए थे।

बुधवार की रात भी बिजली की भारी कटौती जारी रही। यह कटौती रात करीब 10 बजे से शुरू हुई। कहीं फेस उड़ने तो कहीं तार टूटने की घटना होती रही। रात दस बजे काशीनगर, आवास विकास, ईदगाह, महाराज नगर, नई बस्ती सहित कई मोहल्लों के बिजली गुल हो गई। करीब पौन घंटे के बाद बिजली आई, लेकिन 20 मिनट के बाद फिर चली गई। इस तरह से करीब आठ घंटे में बिजली पांच बार आई और गई।

बिजली की आवाजाही के कारण लोग रात भर सो नहीं पाए और करवटें बदलते रहें। कुछ लोग बिजली की आस में छत, गली और सड़कों पर टहलकर पूरी रात बिताने के लिए मजबूर हो गए। बिजली अधिकारियों का कहना है कि भीषण गर्मी होने के कारण बिजली की मांग बढ़ी है। इससे भार अधिक पड़ने से लाइन ट्रिपिंग और फाल्ट भी बढ़ गई हैं। इससे बिजली सप्लाई में दिक्कत आती है।

लो-वोल्टेज के कारण शो पीस बने उपकरण
बिजली कटौती और ऊपर से लो-वोल्टेज ने उपभोक्ताओं की मुसीबत और अधिक बढ़ा दी है। उपभोक्ताओं का कहना है कि इन दिनों इतना कम वोल्टेज आ रहा है कि पंखा भी नहीं चलता है। इससे फ्रिज, कूलर आदि उपकरण शोपीस बन गए हैं। इससे बिजली का लाभ नहीं मिल पा रहा है। कम वोल्टेज के कारण उपकरणों के खराब होने की भी आशंका बनी रहती है। बिजली की खराब आपूर्ति व्यवस्था से उपभोक्ताओं में काफी रोष है।

ग्रामीण क्षेत्र में भी बिजली का हाल बेहाल
भीषण उमस भरी गर्मी के बीच शहर में ही नहीं ग्रामीण इलाकों में भी बिजली आपूर्ति का हाल काफी खराब है। 24 घंटे में सिर्फ पांच से छह घंटे ही बिजली आपूर्ति मिल रही है। तिकुनिया, सिंगाही, मोहम्मदी, निघासन, पसगवां आदि क्षेत्रों में भी रोस्टर पूरी तरह से ध्वस्त है। बिजली की कटौती से उपभोक्ता काफी परेशान है। उपभोक्ताओं का कहना है कि जब वह उपकेंद्रों पर फोन करते हैं तो अधिकारी और कर्मचारी फोन तक नहीं उठाते। अधिशाषी अभियंता निघासन विक्रम सिंह गंगवार ने बताया कि कटौती ऊपर से हो रही है।

गर्मी के कारण बिजली की मांग बढ़ी है। इससे लोकल फाल्ट अधिक हो रहे हैं, उन्हें ठीक कराने के लिए लाइन ट्रिप करनी पड़ती है। वोल्टेज ऊपर से ही कम आ रहा है।- उग्रसेन, एसडीओ सिटी।

ये भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: काली फिल्म पर भड़के हिंदू संगठन, कोतवाली सदर गेट पर किया प्रदर्शन

 

 

 

संबंधित समाचार