Shinzo Abe shooting: शिंजो आबे पर हमले का वीडियो वायरल, भाषण देते वक्त मारी गई गोली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

टोक्यो। जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे पर उस समय हमला हुआ जब वो लोगों को संबोधित कर रहे थे। शिंजो आबे के भाषण का लाइव टेलीकास्ट किया जा रहा था। इसी बीच उनपर हुए हमले का वीडियो सामने आया है। वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने शिंजो की हत्या की कोशिश करने के आरोप में एक …

टोक्यो। जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे पर उस समय हमला हुआ जब वो लोगों को संबोधित कर रहे थे। शिंजो आबे के भाषण का लाइव टेलीकास्ट किया जा रहा था। इसी बीच उनपर हुए हमले का वीडियो सामने आया है। वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने शिंजो की हत्या की कोशिश करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। सुरक्षाकर्मियों ने हमलावर के पास से बंदूक भी जब्त कर ली है।

गंभीर रूप से घायल आबे को विमान से एक अस्पताल ले जाया गया लेकिन उस समय उनकी सांस नहीं चल रही थी और हृदय गति रुक गयी थी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। स्थानीय दमकल विभाग के अधिकारी मकोतो मोरिमोतो ने बताया कि आबे को गोली लगने के बाद दिल का दौरा पड़ा और उन्हें एक प्रांतीय अस्पताल ले जाया गया।

पूर्व प्रधानमंत्री पर हुए इस जानलेवा हमले से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि शिंजो आबे के पीछे से हमला किया गया। हांलाकि, वीडियो में हमलावर दिखाई नहीं दे रहा। वहीं इस घटना के दौरान वहां मौजूद एक महिला ने बताया कि एक शख्स ने शिंजो आबे को पीछे से गोली मारी। महिला ने एएफपी न्यूज को बताया कि शिंजों पर पहला हमला एक खिलौने की तरह लग रहा था। गोली लगने के बाद भी शिंजो जमीन पर नहीं गिरे।

पूर्व प्रधानमंत्री आबे की ‘हालत गंभीर’: जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा
जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने कहा कि गोली लगने के बाद पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की ‘‘हालत गंभीर’’ है। उन्होंने आबे के ठीक होने की उम्मीद जतायी। आबे को शुक्रवार को पश्चिमी जापान में एक चुनावी कार्यक्रम के दौरान भाषण देते वक्त गोली मारी गयी। स्थानीय दमकल अधिकारी मोकोतो मोरिमोतो ने बताया कि आबे को विमान से एक अस्पताल ले जाते वक्त उनकी सांस नहीं चल रही थी और हृदय गति रुक गयी थी। घटना के बाद किशिदा एक चुनाव प्रचार स्थल से तोक्यो लौट आए हैं। वह और आबे एक ही राजनीतिक दल के हैं। किशिदा ने प्रधानमंत्री कार्यालय में पत्रकारों से कहा कि आबे का उत्कृष्ट उपचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं दिल से पूर्व प्रधानमंत्री के ठीक होने की दुआ कर रहा हूं।’’ किशिदा ने इस हमले को ‘‘कायराना और बर्बर’’ बताया और कहा कि चुनावी अभियान के दौरान हुआ यह अपराध पूरी तरह अक्षम्य है। पुलिस ने नारा में घटनास्थल पर संदिग्ध शख्स को गिरफ्तार कर लिया है।

संबंधित समाचार