शाहजहांपुर: अंतरजनपदीय गिरोह के तीन जालसाज गिरफ्तार, पीतल की मूर्ति और नकदी बरामद
शाहजहांपुर/बंडा, अमृत विचार। पीतल की मूर्ति को अष्टधातु की बताकर धन हड़पने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के तीन जालसाजों को थाना बंडा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों के पास से एक पीतल की मूर्ति और नगदी बरामद हुई है। इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि बंडा के मोहल्ला रामनगर निवासी आशीष कुमार ने …
शाहजहांपुर/बंडा, अमृत विचार। पीतल की मूर्ति को अष्टधातु की बताकर धन हड़पने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के तीन जालसाजों को थाना बंडा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए लोगों के पास से एक पीतल की मूर्ति और नगदी बरामद हुई है। इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि बंडा के मोहल्ला रामनगर निवासी आशीष कुमार ने शुक्रवार को थाने में धोखाधड़ी कर धन हड़पने वाले गिरोह के तीन लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी को जुटी पुलिस ने शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे सुनासिरनाथ मोड़ के पास पीलीभीत के थाना पूरनपुर के गांव गहलुइया जाधवपुर निवासी राजन, थाना सेहरामऊ उत्तरी के गांव धनेगा मोजा मौराई निवासी सुरेंद्र कुमार उर्फ मोना,थाना पूरनपुर के कसगंजा निवासी बबलू को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए लोगों के कब्जे से एक पीतल की मूर्ति भगवान बुद्ध की व 5200 रुपये बरामद हुए। पकड़े गए लोगों को पुलिस ने कानूनी कार्रवाई के बाद कोर्ट में पेश किया, जहां से तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। जालसाज मुरादाबाद से मूर्ति खरीदकर लाते थे और लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे।
ऐसे बनाते थे ठगी का शिकार
पकड़े गए लोग सीधे-साधे लोगों को बरगलाते थे कि उन्हें खुदाई के दौरान यह मूर्ति मिली है, जो सोने की ही है, लोगों को भरोसा हो जाए, इसलिए उस पर सोने की परत चढ़वा देते थे और वही हिस्सा खरीदार को ज्वैलर्स के यहां जांच कराने के लिए दे देते थे, जाहिर है कि वह जांच में फिट बैठ जाता था, इससे सीधे-साधे लोगों को जालसाजों पर भरोसा हो जाता है और जालसाजों को ठगने की और आसानी हो जाती थी।
15 लाख बताई कीमत, तीन लाख में तय किया सौदा
पकड़े गए जालसाजों ने बंडा के रामनगर कॉलोनी निवासी आशीष कुमार को मूर्ति की कीमत 10 से 15 लाख रुपये बताई, बाद में तीन लाख रुपये में सौदा तय हो गया। इस पर आशीष को शक हो गया कि आखिर एक दम से इतने रुपये कैसे कम कर दिए गए। इसी शक के आधार पर उसने बंडा थानाध्यक्ष मनोज कुमार को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: बीडीओ-एडीओ के खिलाफ भूख हड़ताल पर महिलाएं
