मुरादाबाद : पीएसी को मुरादाबाद से मिलेंगे 925 जवान
मुरादाबाद, अमृत विचार। प्रांतीय सशस्त्र बल ( पीएसी ) को मुरादाबाद से करीब 925 जवान मिलने वाले हैं। आज महानगर के चार आरटीसी केंद्रों पर एक साथ पासिंग आउट परेड का आयोजन किया जाएगा। सभी जगह परेड की तैयारियां पूरी हो गई हैं। रिक्रूट जवानों का ग्रांड रिहर्सल भी संपन्न हो चुका है। इनके परिजन …
मुरादाबाद, अमृत विचार। प्रांतीय सशस्त्र बल ( पीएसी ) को मुरादाबाद से करीब 925 जवान मिलने वाले हैं। आज महानगर के चार आरटीसी केंद्रों पर एक साथ पासिंग आउट परेड का आयोजन किया जाएगा। सभी जगह परेड की तैयारियां पूरी हो गई हैं। रिक्रूट जवानों का ग्रांड रिहर्सल भी संपन्न हो चुका है। इनके परिजन मुरादाबाद पहुंचने शुरू हो गए हैं।
- पुलिस लाइंस व पीएसी की तीनों वाहिनी में मंगलवार होगा पासिंग आउट परेड का आयोजन
- पीटीसी के एडीजी, आईजी पीएसी व डीएम होंगे परेड के मुख्य अतिथि
दो चरणों में यूपी पुलिस व पीएसी के जवानों का प्रशिक्षण पहले ही संपन्न हो चुका है। तीसरे चरण के प्रशिक्षण में 12 जुलाई को सभी आरटीसी केंद्रों पर पासिंग आउट परेड का आयोजन हो रहा है। मुरादाबाद के आरआई रकम सिंह के मुताबिक पीएसी के कुल 239 जवानों का आवंटन पुलिस लाइन में प्रशिक्षण के लिए हुआ था। 237 जवान छह माह के प्रशिक्षण सत्र में शामिल हुए। मंगलवार को सुबह आठ बजे पुलिस लाइंस परिसर में आयोजित पासिंग आउट परेड के मुख्य अतिथि पीटीसी के एडीजी रवि जोसफ लोक्कू होंगे।
सभी रिक्रूटों का आवंटन गाजियाबाद की 44 वीं वाहिनी पीएसी से हुआ था। परेड बाद कांस्टेबल गाजियाबाद, मेरठ व नोएडा पीएसी के लिए रवाना होंगे। 24वीं वाहिनी पीएसी के क्वार्टर मास्टर के मुताबिक 270 रिक्रूटों ने प्रशिक्षण हेतु आमद दर्ज कराई। नौकरी मिलने के बाद एक प्रशिक्षु बीच में ही प्रशिक्षण छोड़ चला गया। 269 जवानों की पासिंग आउट परेड सुबह सात बजे 24वीं वाहिनी पीएसी के परेड ग्राउंड में होगी। 23वीं वाहिनी पीएसी के क्वार्टर मास्टर के अनुसार शासन ने 225 जवानों का आवंटन प्रशिक्षण के लिए किया।
एक रिक्रूट ने आदम ही दर्ज नहीं कराई। पासिंग आउट परेड में कुल 224 जवान शामिल होंगे। जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह परेड के मुख्य अतिथि होंगे। परेड का आयोजन सुबह नौ बजे होगा। नवीं वाहिनी पीएसी के क्वार्टर मास्टर के मुताबिक शासन ने कुल 200 जवानों का आवंटन प्रशिक्षण हेतु किया। 196 जवान पासिंग आउट परेड में शामिल होंगे। परेड का आयोजन सुबह साढ़े आठ बजे किया गया है। परेड के मुख्य अतिथि पश्चिमी जोन पीएसी के आईजी अमित चंद्रा होंगे।
यह बने सर्वांग सर्वोत्तम कैडिट
24वीं वाहिनी पीएसी ने गाजियाबाद के रहने वाले रोहित कुमार को सर्वांग सर्वोत्तम कैडिट चुना है।
23वीं वाहिनी पीएसी ने मुजफ्फरनगर के रहने वाले सौरभ कुमार को सर्वांग सर्वोत्तम कैडिट चुना है।
नवीं वाहिनी पीएसी ने मथुरा के रहने वाले विजय कुमार को सर्वांग सर्वोत्तम कैडिट चुना है।
मुरादाबाद पुलिस ने शुभम तालियान मुजफ्फरनगर को सर्वांग सर्वोत्तम कैडिट चुना है।
एक बैंड के कंधे पर चार परेड
पासिंग आउट परेड में बैंड की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। एक बार फिर 24वीं वाहिनी पीएसी के बैंड पार्टी के कंधे पर एक साथ चार पासिंग आउट परेड को संपन्न कराने का भार है। एक पासिंग आउट परेड में कम से कम एक घंटे का वक्त लगता है। ऐसे में पीएसी बैंड के जवान दो फाड़ होकर दायित्वों का निर्वाह करते हैं। चारों पासिंग आउट परेड के तय वक्त पर यदि नजर डालें तो बैंड में शामिल पीएसी जवानों की परेशानी आसानी से समझी जा सकती है। दूसरे बैंड दल का गठन करने की बजाय सिर्फ एक बैंड पार्टी पर निर्भरता धीरे-धीरे परेशानी का सबब बनता जा रहा है।
ये भी पढ़ें:- संभल : शार्ट सर्किट से लगी आग में गेहूं और मक्का जली
