लखीमपुर-खीरी: पत्नी की बांके से गर्दन काटकर की हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पसगवां/उचौलिया-खीरी, अमृत विचार। कोतवाली पसगवां क्षेत्र की पुलिस चौकी उचौलिया के मजरा रूरा में पति ने बुधवार को पत्नी की बांके से गला काटकर हत्या कर दी और मौके से भाग निकला। घटना के बाद से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमाटर्म के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। पुलिस …

पसगवां/उचौलिया-खीरी, अमृत विचार। कोतवाली पसगवां क्षेत्र की पुलिस चौकी उचौलिया के मजरा रूरा में पति ने बुधवार को पत्नी की बांके से गला काटकर हत्या कर दी और मौके से भाग निकला। घटना के बाद से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमाटर्म के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ कर रही है।
घटना सुबह करीब 10.30 बजे हुई।

उचौलिया के मजरा रूरा निवासी शाहजहां (42) का निकाह शाहजहांपुर जिले के गांव सरसवां से हुई थी। पति मुन्ना चिकवा के एक हत्या के मामले में जेल जाने के बाद वह करीब 15 साल पहले अपने पुत्र के साथ मायके आ गई और रहने लगी। करीब पांच साल पहले उसने अपना मायके में ही मकान बनवा लिया। जेल से छूटने के बाद करीब डेढ़ साल से पति मुन्ना चिकवा भी उसके साथ आकर रहने लगा, लेकिन पति-पत्नी के बीच संबंध ठीक न होने के कारण आए दिन विवाद होता था।

बताते हैं कि मुन्ना चिकवा सनकी प्रवृत्ति का है। बुधवार को महिला का पुत्र कहीं काम से गया था। घर पर मुन्ना चिकवा और उसकी पत्नी शाहजहां थी। किसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद हो गया। इससे गुस्साए मुन्ना चिकवा ने अंदर से कमरे का दरवाजा बंद कर लिया और उसकी बांके से गर्दन काटकर हत्या कर दी और भाग निकला।

काफी देर बाद जब मृतका के चाचा की बेटी चांद घर के अंदर गई और उसने शाहजहां को आवाज लगाई। किसी के न बोलने पर वह कमरे में गई तो देखा कि शाहजहां का शव खून से लथपथ पड़ा था। उसकी गर्दन कटी हुई थी। इस पर चीखते-चिल्लाते घर से बाहर भागी और परिवार के लोगों को घटना की जानकारी दी। दिनदहाड़े हुई वारदात से सनसनी फैल गई। रोते-बिलखते परिवारीजन मौके पर पहुंच गए। आसपास के तमाम लोगों की भीड़ घटना स्थल पर एकत्र हो गई।

सूचना पर सीओ मोहम्मदी अरविंद कुमार वर्मा, प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सिंह और चौकी इंचार्ज राहुल सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने विलख रहे परिवार वालों से घटना की जानकारी ली। पंचायतनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा। घटना के बाद से पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई। जिसे पुलिस ने दोपहर बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त खून से सना बांका भी बरामद किया है। पुलिस आरेपी से घटना को लेकर पूछताछ कर रही है, लेकिन वह वहकी-वहकी बातें कर पुलिस को घुमाने का प्रयास कर रहा है।

हत्या के पीछे बताई जा रही घरेलू वजह
शाहजहां की गर्दन काटकर की गई हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों और परिजनों ने बताया कि महिला का पति सनकी किस्म का है। कई साल पहले उसने सरसवां के निकट हरदोई जिले के गांव करसुआ निवासी एक युवक की पक्की कीलों का तीर बनाकर धनुष चलाकर हत्या कर दी थी। करसुआ और गांव सरसवां के बीच महज तीन किलोमीटर की दूरी है।

इस हत्याकांड में वह जेल गया था किसी ने भी उसकी जमानत आदि की पैरवी नहीं की, लेकिन कई साल जेल में रहने के बाद कोर्ट ने उसे रिहा कर दिया था। बताते हैं कि मुन्ना चिकवा पत्नी शाहजहां को अपने घर सरसवां लाना चाहता था, लेकिन शाहजहां इसके लिए राजी नहीं थीं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

मृतक महिला के भाई रफी अहमद की तहरीर पर आरोपी पति मुन्ना चिकवा के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। घटना की वजह अभी साफ नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच नें घरेलू विवाद सामने आ रहा है। पुलिस हर पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।- अरविंद कुमार वर्मा, सीओ

ये भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: बाल वैज्ञानिक बनने के लिए 30 सितम्बर कर सकेंगे आवेदन

 

संबंधित समाचार