अमृत विचार प्रभाव : अरूण उर्फ रोटी चोर समेत दो गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। महानगर के युवाओं के भविष्य से खेल रहे नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार देर रात सिविल लाइंस पुलिस ने छापेमारी के दौरान नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले अरुण उर्फ रोटी चोर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि तीसरा आरोपी पुलिस …

मुरादाबाद,अमृत विचार। महानगर के युवाओं के भविष्य से खेल रहे नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार देर रात सिविल लाइंस पुलिस ने छापेमारी के दौरान नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले अरुण उर्फ रोटी चोर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि तीसरा आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। तलाशी के दौरान दोनों तस्करों के कब्जे से 81 ग्राम स्मैक व करीब 34 हजार रुपये नगद मिले। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर बुधवार को दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया।

महानगर व इसके आसपास के क्षेत्रों में नशे का काला कारोबार वर्षों से फल फूल रहा है। अमृत विचार ने 10 व 11 जुलाई के अंक में क्रमश: उत्तराखंड-ओड़िसा से पश्चिम यूपी में आ रही नशे की बड़ी खेप और फिर खाकी के लिए तिलिस्म बना नशे का काला कारोबार शीर्षक से खबरें प्रकाशित की थीं। इसे गंभीरता से लेते हुए सिविल लाइंस सीओ आशुतोष कुमार हरकत में आ गए। एसओजी व सिविल लाइंस पुलिस ने भातू कालोनी में संयुक्त रूप से तस्करों की तलाश शुरू की।

फकीरपुरा चौकी इंचार्ज उज्जवल राणा के मुताबिक मंगलवार रात मुखबिर की सूचना पर उन्होंने टिकली फैक्ट्री से आगे टावर के पास छापेमारी की। वहां तीन संदिग्ध युवक स्कूटी के साथ खड़े थे। पुलिस को देखकर उनमें से एक स्कूटी सवार भाग निकला। अन्य दो को पुलिस ने दबोच लिया। कुछ ही देर में क्षेत्राधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। दोनों ने पूछताछ में कबूला कि वह स्मैक की तस्करी करते हैं। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 81 ग्राम स्मैक व 33, 940 रुपये नगद बरामद हुए। इनकी पहचान अरुण उर्फ रोटी चोर पुत्र साजन निवासी आर्दश कालोनी थाना सिविल लाइंस व जावेद खां पुत्र नवाब जान निवासी ईदगाह आबादी थाना गलशहीद के रूप में हुई। इनके कब्जे से इलेक्ट्रानिक कांटा और कुछ कागज के टुकड़े भी मिले। उन्होंने नशे की पुड़िया बनाकर बेचने की बात स्वीकारी। चकमा देकर फरार आरोपी की पहचान सुशील उर्फ सोनू लंगड़ा मोहसीन रामपुर के रूप में हुई।

रामपुर से मुरादाबाद आती थी खेप
नशे के सौदागरों ने पूछताछ में बताया कि स्मैक की खेप रामपुर से मुरादाबाद लाई जाती है। सुशील उर्फ सोनू लंगड़ा नशे की खेप अरुण उर्फ रोटी चोर व जावेद खां के हाथ बेचता था। दोनों के नेटवर्क बरेली से भी जुड़े हैं। बरेली के फतेहगंज पश्चिमी से भी स्मैक व चरस की खेप मंगाकर वह मुरादाबाद में बेचते थे।

लग्जरी लाइफ के शौकीन हैं नशे के तस्कर
नशे के सौदागर लग्जरी लाइफ के शौकीन हैं। उनके पास कीमती घरेलू सामान ही नहीं, बल्कि चलने के लिए लग्जरी कार भी है। सूत्रों की मानें तो भातू कालोनी में पुलिस की कार्रवाई के बाद से ही नशे के सौदागरों में हड़कंप मचा है।

ये भी पढ़ें : अमृत विचार प्रभाव : ऑनलाइन जीडी अपडेट, वेबसाइट पर दिखने लगे केस

संबंधित समाचार