मुरादाबाद: पानी की टंकी पेंट कर रहा युवक नीचे गिरा, हालत गंभीर
मुरादाबाद, अमृत विचार। नगर निगम के टाउनहाल स्थित पानी की टंकी को पेंट करते समय एक युवक अचानक नीचे गिर गया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। नजारा देखकर मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। आनन-फानन में उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के …
मुरादाबाद, अमृत विचार। नगर निगम के टाउनहाल स्थित पानी की टंकी को पेंट करते समय एक युवक अचानक नीचे गिर गया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। नजारा देखकर मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। आनन-फानन में उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत नगर निगम की ओर से क्षेत्र में आने वाली पानी की टंकियों को पेंट कराया जा रहा है। गुरुवार को दिन में टाउनहाल स्थित पानी की टंकी को पेंट कराया जा रहा था। सिविल लाइंस में रहने वाला कासिम टंकी पर चढ़कर पेंट कर रहा था। पेंट करते समय अचानक कासिम नीचे गिर गया। उसकी चीख सुनकर आसपास के लोग भी एकत्रित हो गए।
सबकी मदद से उसे आनन फानन में जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल उसकी स्थिति गंभीर बनी है। वहीं नगर आयुक्त संजय चौहान का कहना है कि स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत चल रहे पानी की टंकियों के सौंदर्यीकरण कार्य में ठेकेदार के अधीन काम करने वाला कासिम टंकी पर बंदर के आ जाने के कारण डर गया और वह नीचे गिर गया। उसके इलाज की व्यवस्था कराई गई है। स्मार्ट सिटी के मुख्य अभियंता को भी मौके पर भेजा था।
ये भी पढ़ें:- संभल: चिन्हित जमीन पर कब्जा की कार्रवाई के दौरान पथराव पुलिसकर्मी घायल
