बदायूं: पेड़ से टकराई बाइक, एक ही गांव के तीन युवकों की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, सहसवान। बदायूं-मेरठ राजमार्ग पर अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे पेड़ से जाकर टकराई। हादसे में तीन बाइक सवारों की मौत हो गई। एक की मौके पर मौत हो गई थी जबकि दो युवकों ने इलाज के दौरान दम तोड़ा। मृतकों का पोस्टमार्टम कराया गया। एक ही गांव के निवासी होने की वजह से पूरे …

अमृत विचार, सहसवान। बदायूं-मेरठ राजमार्ग पर अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे पेड़ से जाकर टकराई। हादसे में तीन बाइक सवारों की मौत हो गई। एक की मौके पर मौत हो गई थी जबकि दो युवकों ने इलाज के दौरान दम तोड़ा। मृतकों का पोस्टमार्टम कराया गया। एक ही गांव के निवासी होने की वजह से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

कोतवाली सहसवान क्षेत्र के गांव घूरनपुर फरहान (19) पुत्र इस्माइल खां और जरीफ (18) पुत्र शरीफ खां खानदारी चचेरे-तहेरे भाई थे। वह दोनों अपने दोस्त गांव निवासी मोनिश (18) पुत्र रियाज अहमद के साथ गुरुवार को देर शाम थाना मुजरिया क्षेत्र के गांव सेमरा बनवीरपुर गए थे। जहां उनकी रिश्तेदारी में जलसा था। शुक्रवार को तीनों युवक बाइक से अपने गांव वापस लौट रहे थे। बदायूं-मेरठ राजमार्ग पर सुबह छह बजे कोतवाली सहसवान क्षेत्र के गांव सालिक नगला के पास मोड़ पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जाकर टकरा गई।

हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों घायलों को सहसवान के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भेजा। जहां चिकित्सक ने मोनिश को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक उपचार देने के बाद घायल फरहान और जरीफ को जिला अस्पताल रेफर किया गया।

जहां फरहान ने दम तोड़ दिया। जरीफ की हालत नाजुक होने पर उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें अलीगढ़ राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया। परिजन जरीफ को लेकर अलीगढ़ जा रहे थे लेकिन जरीफ ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मृतकों के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव गांव पहुंचे तो गांव में गमगीन माहौल हो गया। पूरे गांव में मातम पसर गया। एक ही गांव के तीन युवकों के शव को देखकर ज्यादातर की आंख में आंसू थे।

युवकों ने नहीं पहना था हेलमेट
घटना के दौरान वहां से गुजर रहे लोगों ने बाइक की गति देखी थी। युवक घर जाने की जल्दबाजी में तेज बाइक चला रहे थे। मोड़ होने की वजह से बाइक अनियंत्रित हो गई और मुड़ नहीं पाई। जिसकी चलते बाइक तेज गति से पेड़ से जाकर टकरा गई। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार तीनों में से किसी भी युवक ने हेलमेट नहीं पहना था। माना जा रहा है कि जलसा में रात भर जागने की वजह से हो सकता है कि तेज गति से चल रही बाइक पर झपकी आ गई हो।

बहन की आनी थी बारात, छा गया मातम
फोटो 15 बीडीएन 64 – शादी स्थगित होने के बाद टेंट उखाड़ता युवक।
एक ही गांव के तीन युवकों की मौत के बाद मातम छाया हुआ है। जिस घर में खुशी का टेंट लगा हुआ था उस घर में गमगीन माहौल हो गया। शुक्रवार को मोनिश पुत्र रियाज मोहम्मद की बहन हुस्नूर उर्फ नन्हीं की शादी होनी थी। घर पर शादी पूरी तैयारी कर ली गई थी। टेंट लगा दिया गया था।

गांव नसीरपुर गौसू से बारात आने थी लेकिन कुदरत को कुछ और ही मंजूर था। बहन की शादी होने थी और भाई का जनाजा उठ गया। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो घर की खुशी मातम में बदल गई। शव दफनाया गया। इसके बाद भी हुस्नूर की शादी स्थगित कर दी गई है। जिसके चलते घर पर लगाया गया टेंट हटा दिया गया।

यह भी पढ़ें- बदायूं: विद्यालय में सोते मिले शिक्षक, बीएसए ने किया निलंबित

संबंधित समाचार