बिजनौर : नशे के आदी भतीजे ने की थी महिला की हत्या, गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिजनौर/ नगीना देहात/अमृत विचार। एक दिन पहले नशे के आदी भतीजे ने ही महिला की गला रेतकर हत्या की थी। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल किया है। पुलिस ने आरोपी को 24 घंटे में ही गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से घटना में प्रयुक्त छुरा बरामद किया है। शनिवार को पुलिस लाइन …

बिजनौर/ नगीना देहात/अमृत विचार। एक दिन पहले नशे के आदी भतीजे ने ही महिला की गला रेतकर हत्या की थी। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल किया है। पुलिस ने आरोपी को 24 घंटे में ही गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से घटना में प्रयुक्त छुरा बरामद किया है।

शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में हत्या का खुलासा करते हुए एसपी सिटी डॉ. प्रवीण रंजन सिंह व एसपी ग्रामीण राम अर्ज ने बताया कि शुक्रवार सुबह हाजरा (62) पत्नी साबिर अली निवासी ग्राम सत्तारवाला की उसके ही घर में सोते हुए किसी अज्ञात व्यक्ति ने गला रेतकर हत्या कर दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा पंजीकृत किया था। पुलिस अधीक्षक दिनेश सिंह ने घटना का संज्ञान लेते हुए नगीना पुलिस को शीघ्र हत्या का खुलासा करने के निर्देश दिए थे।

पुलिस ने शनिवार सुबह साढ़े पांच बजे त्रिलोकवाला तिराहा नजीबाबाद नगीना रोड से घटना में संलिप्त आरोपी वाजिद पुत्र सईद अहमद निवासी ग्राम सत्तारवाला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशादेही पर जंगल से ही घटना में प्रयुक्त छुरा बरामद किया है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह शराब पीने का आदी है। इसी कारण उसका अपनी पत्नी से झगडा होता रहता था। इससे उसकी पत्नी 6-7 महीने पूर्व अपने मायके चली गई थी। तभी वह मायके में ही रह रही हैं। आरोपी मृतका हाजरा का भतीजा है। दोनों के मकान बराबर में ही है।

15 जुलाई की रात में वह शराब के नशे में अपने मकान की छत पर लेट रहा था। इसी दौरान उसके अंदर हैवानियत जागृत हो गई और वह गलत इरादे से हाजरा के मकान में जैसे नीचे उतरा तो हाजरा जाग गई। समाज में अपनी बदनामी व इज्जत खराब होने के डर से उसने हाजरा के गले पर छुरे से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वह वहां से भाग गया। शनिवार को पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश किया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया।

ये भी पढ़ें : बिजनौर: वृद्धा की गला रेत कर निर्मम हत्या, एसपी ने दिए खुलासे के निर्देश

संबंधित समाचार