आगरा : दबंग ने छेड़छाड़ कर युवती को घर में घुसकर पीटा, तीन दिन बीते नहीं पकड़ पाई पुलिस
आगरा, अमृत विचार। यूपी में महिलाओं के साथ अपराध लगातार बढ़ते जा रहे हैं। एक-दो मामलों को छोड़ दें तो पुलिस ज़्यादातर मामलों में अपराधी तक कई दिन बीतने के बावजूद पहुँच ही नहीं पाती। ऐसे ही एक मामले में दबंग युवक ने गांव की युवती से छेड़छाड़ की। शिकायत करने पर उसके स्वजन ने …
आगरा, अमृत विचार। यूपी में महिलाओं के साथ अपराध लगातार बढ़ते जा रहे हैं। एक-दो मामलों को छोड़ दें तो पुलिस ज़्यादातर मामलों में अपराधी तक कई दिन बीतने के बावजूद पहुँच ही नहीं पाती। ऐसे ही एक मामले में दबंग युवक ने गांव की युवती से छेड़छाड़ की। शिकायत करने पर उसके स्वजन ने युवती के घर में घुसकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस चुप बैठ गई। तीन दिन में एक भी आरोपित गिरफ्तार नहीं हुआ है।
घटना मलपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव की है। 12 जुलाई को सुबह 20 वर्षीय युवती खेत में शौच को गई थी। उसे रास्ते में गांव के ही 28 वर्षीय युवक ने रोक लिया। वह युवती से छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर उठाकर ले जाने की धमकी दी। इस पर पीड़िता ने शोर मचा दिया। आवाज सुनकर गांव के लोग दौड़कर आने लगे। खुद को घिरता देख आरोपित फरार हो गया। पीड़िता रोती हुई घर पहुंची। उसने अपने साथ हुई घटना की जानकारी मां को दी। शाम को पीड़िता के पिता ने आरोपित के घर शिकायत की।
इससे आरोपित और उसके स्वजन आग बबूला हो गए। वह स्वजनों के साथ पीड़िता के घर आ धमका। तमंचा पीड़िता के पिता की छाती से लगा दिया। धमकी दी कि मामले की शिकायत पुलिस से की तो पूरे परिवार को मार देगा। पीड़िता की मां ने बाहर निकलकर शोर मचा दिया। इसके बाद आरोपित वहां से भाग गए।
एसपी पश्चिम सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर थाना मलपुरा में जितेंद्र उर्फ जीतू, उसके भाई विनोद, पिता राजाराम और मां गुलाब देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित घर से ताले लगाकर फरार हैं। उनकी जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें –बिजनौर : नशे के आदी भतीजे ने की थी महिला की हत्या, गिरफ्तार
